ब्रिजविहार कालोनी में दंपति का झगड़ा सुलझाने को लेकर हो रही पंचायत में पति ने केरोसिन छिड़कर खुद को आग लगा ली। इससे अफरातफरी मच गई। लोगों ने आग पर काबू पाया। गाजियाबाद के निजी अस्पताल में युवक को भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया है।
ब्रिजविहार कालोनी में मुकेश परिवार सहित रहते हैं। वह द्वारनगर हवेली में एक प्राईवेट कंपनी में नौकरी करते हैं। परिवार में पत्नी मीनू और दो बच्चे हैं। आरोप है कि उसकी पत्नी नौकरी छोड़कर वापस आने की बात कहती है, इतना ही नहीं मुकेश अपनी पत्नी पर शक भी करता है। तीन दिन पूर्व मुकेश घर लौटा था तो किसी बात पर पति-पत्नी में झगड़ा हो गया। विवाद सुलझाने के लिए मंगलवार शाम रिश्तेदारों की पंचायत बुलाई गई।
पंचायत में मुकेश का अपने तीन सालों से विवाद हो गया। मामला गाली-गलौच तक पहुंच गया। पंचायत से उठकर मुकेश मकान के अंदर गया और केरोसिन की कनस्तरी ले आया, अपने ऊपर तेल छिड़ककर आग लगा ली। लोगों ने किसी तरह आग बुझाई। गंभीर हालत में उसे गाजियाबाद के प्राईवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बुधवार को उसके परिजनों ने उसके तीन सालों के खिलाफ तहरीर दी है। एसओ सरताज अहमद ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर मनोज, दीपक निवासी दिल्ली और डिडौली गांव निवासी मोहित को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।