गुड़गांव में बंधवाड़ी के रामजी लाल की ढाणी में सोमवार की शाम खूनी संघर्ष हो गया। दो परिवारों के बीच हुए विवाद में घर में घुसकर लाठी-डंडों से एक व्यक्ति पर हमला बोल दिया गया। इसमें युवक को गंभीर चोट आई।
पुलिस ने युवक की पत्नी की शिकायत पर दर्जनभर लोगों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
रामजी लाल की ढाणी बंधवाड़ी निवासी कमलादेवी ने डीएलएफ फेस-1 थाना पुलिस को शिकायत दी है कि उसके गांव के ही रहने वाले दीपचंद पुत्र प्रहलाद, प्रेम पुत्र प्रहलाद, सुरेंद्र पुत्र धांसी, सुभाष पुत्र दीपचंद, कालू पुत्र प्रेमी, सोनू पुत्र रश्मि, सुंदर पुत्र धर्मपाल व धर्मबीर पुत्र धर्मपाल ने सोमवार की देर शाम को उनके घर में घुसकर लाठी डंडों से उनके ऊपर हमला कर दिया।
पीड़ित की पत्नी कमला ने आरोप लगाया है कि आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से उसके पति रतिचंद्र पर हमला किया था। रतिचंद्र को बेहोश होने के बाद सभी आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।
कमला ने बताया कि आरोपियों के जाने के बाद घटना के बारे में पुलिस को फोन कर शिकायत दे दी। डीएलएफ फेस-1 पुलिस थाने से एएसआई रामपाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए और घायल को पास के अस्पताल में भर्ती करा दिया। जानकारी मिली है कि आरोपियों में से दो लोग घायल हैं। पुलिस ने बताया कि पीड़ित कमला देवी की शिकायत पर उपरोक्त सभी आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।