राजनगर सेक्टर-7 में चोरों ने बुधवार को दिनदहाड़े दिल्ली विकास प्राधिकरण के इंजीनियर के घर के ताले तोड़कर चोरी की। चोर लाखों के जेवर और नगदी ले गए।
राजनगर सेक्टर 7/डी-12 में विजय बहादुर सिंह पत्नी इंदिरा सिंह के साथ रहते हैं। वे डीडीए में इंजीनियर हैं। राजनगर सेक्टर-2 में रहने वाली इनकी बेटी दीप्ति ने बताया कि छुुट्टियों के चलते पिछले कई दिनों से मां छोटी बहन विधु के घर कानपुर गई हुई हैं।
पिता घर पर अकेले थे। बुधवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे पिता आफिस गए थे। घर पर ताला लगा था। पड़ोसन बबीता ने उन्हें फोन कर घर में चोरी होने की सूचना दी। दीप्ति ने बताया कि मंगलवार को ही पिता का फोन खो गया था।
चोर सर्विस लेन से मकान के पीछे के गेट तोड़कर दाखिल हुए और वारदात की। घर के चार दरवाजों के ताले तोड़कर घर से लाखों रुपये कीमत का सामान और ज्वैलरी चोरी कर ली। कविनगर एसओ उम्मेद यादव ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।