खोड़ा में मनचलों से तंग 12वीं की छात्रा ने स्कूल जाना ही बंद कर दिया है। दिल्ली के मयूर विहार में पढ़ने वाली छात्रा को मनचलों ने इतना परेशान किया है कि वह घर में ही कैद होकर रह गई।
इतना ही नहीं परिजनों ने जब इसकी शिकायत चौकी में की तो चौकी पर तैनात एक कांस्टेबल ने परिजनों पर ही समझौते का दबाव बनाते हुए बदसलूकी की।
मामला बुधवार को थाना इंदिरापुरम पहुंचा तो एसएसपी ने मामले में आरोपी कांस्टेबल के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।
खोड़ा में रहने वाली छात्रा दिल्ली के मयूर विहार फेज-3 के सरकारी स्कूल में पढ़ती है। परिजनों के मुताबिक पिछले कुछ दिनों से जब भी वह घर से स्कूल के लिए निकलती एक मनचला उस पर फब्तियां कसने लगता।
रास्ता रोककर मोबाइल नंबर मांगता और अश्लील बातें करते हुए स्कूल तक जा पहुंचता। स्कूल से लौटते समय वही मनचला दोस्तों के साथ उसका पीछा करता। छात्रा ने विरोध किया तो उसे जान से मारने की धमकी तक दे डाली।
डरकर छात्रा ने स्कूल जाना ही बंद कर दिया। परिजनों ने स्कूल न जाने का कारण पूछा तो उसने पूरी वजह बताई। परिजनों ने खोड़ा पुलिस चौकी पर शिकायत दी तो एक कांस्टेबल ने चौकी में उन्हें ही धमका दिया। आरोपी को हिरासत में भी लिया गया मगर छोड़ दिया गया।
छात्राओं का रोड पर निकलना हुआ दूभर
11 अगस्त 2014 : श्यामपार्क में छात्राओं के साथ छेड़छाड़ करता मनचला पकड़ा।
12 जून 2014 : वैशाली में छात्राआें पर फब्तियां कसते एक मनचले की लोगों ने की पिटाई।
07 फरवरी 2014 : राजेंद्र नगर में छात्राओं से अश्लील बातें करते हुए मनचले की पिटाई की।
10 मई 2013 : साहिबाबाद स्टेशन पर छात्राआें पर कमेंट करते युवक को लोगों ने पीटा।