कार सवार तीन बदमाशों ने पंजाब नेशनल के डिप्टी मैनेजर अजय वर्मा से लूटपाट की। बदमाश तमंचे के बल पर उनसे कैश, एटीएम, पर्स लूटकर डासना के जंगल में फेंक गए।
वारदात की शिकायत मैनेजर ने घर पहुंचकर पुलिस से की, सोमवार को पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
अजय वर्मा हापुड़ की आवास विकास स्थित संजय विहार कालोनी में रहते हैं। लोहामंड़ी स्थित पंजाब नेशनल बैंक में वह डिप्टी मैनेजर हैं। शनिवार शाम पौने सात बजे वह लालकुआं पर हापुड़ जाने के लिए सवारी के इंतजार में खडे़ थे।
रोजाना वह सवारी से ही हापुड़ से गाजियाबाद अप-डाउन करते हैं। आरोप है कि इस दौरान एक कार उनके पास आकर रुकी, उसमें सवार दो युवकों ने खुद को सवारी बताया। लिफ्ट देने के बहाने उन्हें कार सवार युवकाें ने कार में बैठा लिया।
डासना ले जाकर उनसे तमंचे के बल पर चार हजार रुपये, अंगूठी, एटीएम, पर्स और मोबाइल लूटा। बंधक बनाकर डासना के जंगल में फेंक गए, इसके बाद वह राहगीरों की मदद से घर पहुंचे। सोमवार को कविनगर थाने पहुंचकर लूट की शिकायत की।
सैमसंग कंपनी के सीनियर सेल्स मैनेजर के घर चोरी
दिल्ली स्थित सैमसंग कंपनी के सीनियर सेल्स मैनेजर आशीष गोस्वामी के घर का ताला तोड़कर चोरों ने 15 हजार रुपये और लाखों रुपये के जेवर, घड़ियां चोरी कर ली।
वारदात के वक्त परिवार कविनगर में आयोजित एक कीर्तन में आया था। घर पहुंचने पर वारदात का पता चला तो सोमवार सुबह पुलिस को सूचना दी, पुलिस ने चोरी की तहरीर ले ली है।