दिल्ली के तुगलकाबाद मेट्रो स्टेशन से बुधवार रात यहां आने के लिए किराए पर कैब लेकर आए हथियार बंद तीन बदमाशों कैब लूट ली। चालक को बंधक बनाने के बाद उसकी जेब में रखे चार हजार रुपये और दो मोबाइल फोन भी बदमाश ले कर फरार हो गए। इस मामले की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद केस दर्ज कर लिया है।
सदर थाने में दी शिकायत में दिल्ली के नारायणा इलाके में रहने वाले कमलेश कुमार ने बताया कि वह ओला कैब सर्विस में नौकरी करता है। बुधवार रात को तीन युवकों ने तुगलकाबाद स्टेशन से कैब को फरीदाबाद के लिए बुक किया था। कमलेश का कहना है कि वह तीनों को लेकर बाइपास रोड के रास्ते फरीदाबाद की ओर चल दिया।
चंदावली गांव के पास युवकों ने रुकने के लिए कहा। इस पर कमलेश ने गाड़ी रोक दी। चंदावली गांव में एक दुकान से पानी की बोतल लेकर फिर चलने के लिए कहा। कमलेश का कहना है कि सेक्टर 64-65 से आगे मलेरना के निकट आरोपियों ने गाड़ी को फिर रोकने के लिए कहा, तो चालक ने कैब रोक दी।
आरोप है कि तभी एक युवक ने पिस्टल दिखाते हुए उसे गाड़ी में पीछे डाल लिया। उसकी जेबों से तलाशी लेनी शुरू कर दी, बदमाशों ने उसकी जेब में रखे 4 हजार रुपये और 2 मोबाइल फोन कब्जे में ले लिए।
थोड़ी दूर जाने के बाद बदमाशों ने उसे गाड़ी से धक्का दिया और गाड़ी को लेकर फरार हो गए। देर रात होने पर वह जैसे-तैसे लोगों की मदद से पुलिस थाने पहुंचा और शिकायत दी। एसएचओ राजदीप मोर ने बताया कि पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर लूट का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।