मूरतगंज-महेवाघाट मार्ग पर गुरुवार की सुबह उमरा चौराहे के समीप स्कॉर्पियो ने बाइक में टक्कर मार दिया। हादसे के बाद स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई। गाड़ी की टक्कर लगने से बाइक सवार एक किशोर की मौत हो गई और दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना स्थल पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को देते हुए जख्मी किशोर को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने किशोर की हालत गंभीर देख उसे एसआरएन अस्पताल इलाहाबाद रेफर कर दिया है। वहीं सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृत किशोर के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे से किशोर के घर-परिवार के लोगों का रो-रो कर बुरा हाल है।
करारी थाना क्षेत्र के मुकीमपुर के रहने वाले अनिल कुमार (15) पुत्र ज्ञान सिंह और अमर सिंह (13) पुत्र बुधई बुधवार की शाम भद्दुरपुर गांव अपने बुआ के यहां दावत खाने गये थे। गुरुवार की सुबह वह वापस आने के दौरान गरौली पेट्रोल पंप तेल भराने जा रहे थे। इसी दौरान जैसे ही वह उमरा चौराहे के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आ रही एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने बाइक में टक्कर मार दिया। स्कॉर्पियो की टक्कर लगते ही दोनाें बाइक सवार सड़क पर गिर पड़े और तड़पने लगे।
हादसा देख आस पास मौजूद लोग दौड़ कर मौके पर पहुंचे और इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की तैयारी बना ही रहे थे कि हादसे में घायल अमर सिंह की मौत हो गई। लोगों ने सूचना पुलिस को देते हुए दूसरे घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया। लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना देने के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। किशोर की मौत के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।