सिलारपुर गांव में शनिवार को युवक की पिटाई से शुरू हुआ विवाद सोमवार सुबह खूनी रंजिश में बदल गया। छह लोगों ने गोली मारकर एक वृद्ध किसान की हत्या कर दी। हमलावरों ने उसके बेटों पर भी हमला किया। इस दौरान एक बेटा गोली लगनेे से घायल हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने कथित हमलावर दसवीं के छात्र को घेरकर लाठी-डंडों व धारदार हथियार सेे हमलाकर मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद गांव में तनाव हो गया। एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस के मुताबिक सोमवार दोपहर 12 बजे जयभगवान तीन बेटों कुलदीप, दीपक और ब्रजेश के साथ खेत से बुग्गी में चारा लेकर घर लौट रहे थे। इस दौरान गांव के श्मशान घाट के पास पहले से मौजूद रामू और उसके भाई राजू, विपिन व तीन अज्ञात हमलावरों नेे बाप-बेटों पर हमला कर दिया। हमलावरों ने जय भगवान के सीने और कुलदीप के हाथ में गोली मार दी। जय भगवान की मौके पर ही मौत हो गई।
गोलियों की आवाज सुनकर ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। बताया गया है कि रामू के साथ आए अन्य हमलावर बाइक पर सवार होकर भाग गए, लेकिन रामू को ग्रामीणों ने घेर लिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने दसवीं के छात्र रामू को लाठी-डंडों से पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया। इधर, हमले में घायल अन्य लोगों को दादरी के निजी अस्पताल भेजा गया। सूचना मिलते ही दादरी, बिसरख, बादलपुर, जारचा थाने के पुलिस बल व पीएसी मौके पर पहुंच गई। एसपी देहात सुजाता सिंह और सीओ दादरी पीयूष कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और दोनों पक्षों से जानकारी ली।
पिटाई के बाद गांव में हुई थी पंचायत
ग्रामीणों के मुताबिक जय भगवान व उसके परिजनों ने दो दिन पहले चोरी का आरोप लगाकर रामू के बड़े भाई राजू की पिटाई कर दी थी। इस मामले में गांव में पंचायत हुई थी, जिसमें दोनों पक्षों में सुलह करा दी गई थी। लोगों का कहना है कि युवक की पिटाई और पंचायत के बावजूद पुलिस मामले में हस्तक्षेप नहीं कर पाई और यही विवाद दोहरे हत्याकांड का कारण बन गया।
घर में घुसकर चोरी की कोशिश
इधर जय भगवान पक्ष के लोगों का कहना है कि शनिवार को जय भगवान दादरी मंडी में मूजी डालकर पैसे लेकर घर आया था, जिसकी भनक रामू के भाई राजू को लग गई। आरोप है कि राजू ने जय भगवान के घर में घुसकर चोरी की कोशिश की। इस पर जय भगवान के परिजनों ने राजू को पकड़कर पीट दिया था और अधमरा कर गांव के मंदिर पर फेंक गए थे।
रामू के पिता ने बताया कि उनका बेटा रामू नाबालिग व दसवीं का छात्र था। मां शकुंतला का आरोप कि शनिवार को एक लड़की नेे फोन कर राजू को जय भगवान के घर पर बुलाया था। बाद में झूठा आरोप लगाकर राजू की बेरहमी से पिटाई कर उसे अधमरा कर फेंक दिया गया। वहीं, परिजनों से भी घर में घुसकर मारपीट की गई थी।
दोनों ओर से मिली शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। केस की जांच की जा रही है। आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी। दसवीं का छात्र नाबालिग नहीं है।
-सुजाता सिंह, एसपी देहात