बुजुर्ग महिलाओं को झांसा देकर जेवर उतरवा कर ठगने वाले गिरोह के सदस्यों ने एसजीएम नगर निवासी शीला देवी को शिकार बना डाला। ठग उन्हें पचास हजार रुपये और सोना बता रद्दी कागजों की गड्डी वह पत्थर पकड़ाकर उनके गहने उतरवा ले गए। घर पहुंच कर उन्हे ठगी की जानकारी हुई। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ठगों की तलाश में जुटी है।
करीब पैंसठ वर्षीय शीला देवी के पैरों में दर्द रहता है। बृहस्पतिवार की सुबह वह पति रामबाबू के साथ एनएच पांच स्थित नर्सिंग होम में दवा लेने गई थीं। दोनों दवा लेकर घर लौट रहे थे। 22 फुट रोड पर रामबाबू उन्हें छोड़कर दूध खरीदने चले गए, वह घर की तरफ चल पड़ीं। रास्ते में दो युवकों ने बदरपुर का रास्ता पूछने के बहाने उन्हें रोक लिया। दोनों ने उन्हें अपनी बातों में उसे उलझा लिया और एक सुनसान गली में ले गए।
वहां दोनों ने कपड़े में लिपटे हुए दो पैकेट दिखाए और बताया कि एक कपड़े में 50 हजार रुपये दूसरे पैकेट में सोना है। युवकों ने उन्हें झांसा देकर दोनों पोटलियां थमा दीं और इनके बदले उनके कानों के कुंडल उतरवा लिए। दोनों ने कहा कि बाद में घर आएंगे और कुंडल लौटा कर अपने दोनों पैकेट ले जाएंगे। इसके बाद दोनों फरार हो गए। घर पहुंच कर उन्होंने पैकेट खोले तो एक में रद्दी कागज के टुकड़े और दूसरे से मे पत्थर के टुकड़े निकले। एसएचओ एसजीएम नगर इंस्पेक्टर सुभाष सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।