आनंद विहार इलाके में दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्रा की बहादुरी के आगे बदमाशों के हौसले पस्त हो गए। छात्रा ने बैग छीनकर भाग रहे बदमाशों का स्कूटी से एक किलोमीटर तक पीछा किया और उन्हें दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने पकड़े गए बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया । पकड़े गए बदमाशों की पहचान आकाश और रंजीत के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार निकिता (18) सी ब्लॉक सूर्या नगर साहिबाबाद में रहती है। निकिता हौजखास स्थित इंस्टीट्यूट ऑफ होम साइंस एंड इकोनॉमिक्स में बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा है।
शनिवार सुबह वह मेट्रो पकड़ने के लिए कड़कड़डूमा स्टेशन आ रही थी। आनंद विहार पेट्रोल पंप के पास दो बदमाशों ने उसका बैग छीन लिया। अचानक हुए हमले से छात्रा स्कूटी समेत गिर गई। लेकिन उसने खुद को संभालते हुए स्कूटी से भाग रहे बदमाशों का पीछा करना शुरू कर दिया।