लाजपत नगर स्थित विलेज कॉटेज होम (चिल्ड्रन होम) में बच्चियों के साथ छेड़छाड़ के आरोप में महिला एवं बाल विकास मंत्री संदीप कुमार ने होम के दो अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त करके सुप्रिटेंडेंट के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए हैं।
साथ ही मामले की जांच करने वाली बाल कल्याण समिति के सदस्यों से बातचीत के बाद प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रन फ्रॉम सेक्सुअल ऑफेंसेस एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कराने को कहा है।
दिल्ली सरकार के अनुसार मंत्री संदीप कुमार को सूचना मिली की कुछ बच्चियों ने होम के सुप्रिटेंडेंट पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है और कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा कर रही हैं। वे सूचना के बाद मौके पर पहुंचे।
साथ गई विशेष कार्य अधिकारी ने विभाग अन्य महिला अधिकारियों व कर्मचारियों की मौजूदगी में बच्चियों से बातचीत की। बच्चियों ने आरोप लगाया कि सुपरिटेंडेंट राम सहाय मीना बच्चियों को एक कमरे में ले गया।
उसने दरवाजा बंद कर बच्चियों के कपड़े उतरवाए और छेड़छाड़ की। फिर सुपरिटेंडेंट ने आरोप लगाया कि वेलफेयर अफसर राखी ने उससे कहा था कि तुम लड़कियों के साथ रुको और मैं लड़कों के साथ रुक जाती हूं।
संदीप कुमार ने वेलफेयर अफसर से बात की तो उसने बात को गोलमोल करने की कोशिश की, तभी विलेज कॉटेज होम के सुप्रिटेंडेंट राम सहाय मीना और वेलफेयर अधिकारी राखी को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त करने का आदेश दे दिया।
विभाग के अधिकारियों मंत्री ने यह भी निर्देश दिया है कि अगर जांच में वेलफेयर अफसर राखी भी दोषी पाई जाती हैं तो उसके खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कराई जाए ।