दिल्ली-एनसीआर में लूट समेत हत्या के कई मामलों का आरोपी गैंगस्टर सुरेंद्र उर्फ चोटी पुलिस गिरफ्त में आ गया है।
पांच दिनों की रिमांड पर लेकर उससे पूछताछ की जा रही है। हरियाणा समेत राजधानी दिल्ली, राजस्थान और आसपास के कई राज्यों में लूट की 40 से ज्यादा वारदात में गैंगस्टर सुरेंद्र उर्फ चोटी गिरोह का नाम सामने आ रहा था।
सीआईए यूनिट छह बिलासपुर को सूचना मिली थी कि दो बदमाश आईएमटी मानेसर में लूट की योजना को अंजाम देने वाले हैं।
सीआईए यूनिट इंचार्ज आनंद कुमार के नेतृत्व में टीम ने छापेमारी करते हुए गैंगस्टर सुरेंद्र उर्फ चोटी और उसके साथी हरप्रीत उर्फ मिंटे को गिरफ्तार किया था। पुलिस के अनुसार गैंगस्टर पर कई हत्याओं के मामले भी चल रहे हैं, जिसमें उसे सजा भी हो चुकी है।
यह भी पढ़ें: खुलासा: मामा ने की थी किरण कोहली की हत्या
करीब एक साल पहले पुलिस की आंखों में धुल झोंकते हुए वह फरार हो गया। इसके बाद उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था। संयुक्त आयुक्त पुलिस (अपराध) विवेक शर्मा के अनुसार हरप्रीत उर्फ मिंटे पर भी 20 से ज्यादा लूट के मामले दर्ज हैं।
पुलिस का मानना है कि दोनों की गिरफ्तारी कई मामलों का खुलासा कर सकती है। पुलिस ने उनके पास से 32 बोर की पांच जिंदा रौद के अलावा एक चोरी की बाइक भी बरामद की है।
दो महीने पहले पत्नी को उतारा मौत के घाट
अपने पुराने साथी सतपाल उर्फ फौजी के साथ अपनी पत्नी रेखा के अवैध संबंधों की बात सामने आने के बाद सुरेंद्र उर्फ चोटी ने 24 मार्च को अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद उसके शव को तिगांव रोड बल्लभगढ़ के पास फेंक दिया था। उसके अगले दिन गैंगस्टर ने अपने साथियों के साथ मिलकर मानेसर में अपने पुराने साथी सतपाल उर्फ फौजी पर जानलेवा हमला किया था। दोनों मामले में फरीदाबाद और गुड़गांव पुलिस गैंगस्टर सुरेंद्र की तलाश कर रही थी।