दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने राजेश बवानिया गिरोह के सदस्य विनायक सेहरावत उर्फ अजय हूडा उर्फ सोनू (26) को गिरफ्तार किया है। विनायक की राजेश से मुलाकात तिहाड़ जेल में हुई थी। जेल से बाहर आने के बाद वह राजेश के लिए काम करने लगा।
पुलिस ने उसके कब्जे से .32 बोर की पिस्टल, कट्टा व चार कारतूस बरामद किया है। आरोपी केखिलाफ करीब 16 आपराधिक मामले दर्ज हैं। स्पेशल सेल के पुलिस उपायुक्त संजीव कुमार यादव के अनुसार, एसीपी अखिलेश्वर यादव की टीम को चार नवंबर को सूचना मिली थी कि विनायक कैर गांव, जाफरपुरकलां के जंगलों में देखा गया है।
इंस्पेक्टर तिलकचंद विष्ट व राजेश कुमार की टीम ने जंगलों में घेराबंदी कर विनायक को दबोच लिया। आरोपी ने बताया कि वह नीतू दबोदिया गिरोह के सदस्य विक्रम उर्फ बकरा का साथी था।
रंगदारी वसूलने निकला था
विनायक अप्रैल, 2016 में जाफरपुर कलां में छेड़छाड़ के मामले में गिरफ्तार हुआ था। तिहाड़ जेल में उसकी मुलाकात राजेश बवानिया से हुई थी। जेल से बाहर आने के बाद विनायक राजेश व उसके गिरोह के सदस्यों से मिला था।
राजेश ने उसे बवाना व रोहिणी के प्रॉपर्टी डीलर व व्यवसायियों पर रंगदारी के लिए फायरिंग करने को कहा था। वह रंगदारी वसूलता उससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।