सीमापुरी और बार्डर से सटे इलाकों में नाबालिगों को हेरोइन सप्लाई करने वाले गैंग के मुखिया को शाहदरा जिला पुलिस ने दबोचा है। पकड़े गए आरोपी की पहचान सोनू (30) के रूप में हुई है। इसके पास से 301 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद हेरोइन की कीमत दस लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस की मानें तो फरवरी से अब तक पुलिस गैंग के कुल नौ लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। गैंग सिर्फ नाबालिगों को ही हेरोइन बेचते थे।
पुलिस उपायुक्त नूपुर प्रसाद ने बताया कि 15 अप्रैल को नाबालिग लड़कों को हेरोइन सप्लाई करने वाले गैंग का मुखिया सोनू को पुरानी सीमापुरी के पास से दबोच लिया गया। उसके पास से 301 ग्राम हेरोइन बरामद की। आरोपी ने बताया कि वह हेरोइन लोनी इलाके से अपने अन्य साथियों से लाकर सीमापुरी में छोटे-छोटे पैकेट बनाकर नाबालिगों को सप्लाई करता था।
बता दें कि इसी कड़ी में पुलिस ने सबसे पहले 11 फरवरी को मुन्ना नामक आरोपी को दबोचा था। उसके पास से 273 ग्राम हेरोइन बरामद हुई थी। इसके बाद पुलिस ने शाहिद फट्टी को गिरफ्तार कर 290 ग्राम हेरोइन बरामद की थी। पुलिस ने एक के बाद एक कुल आठ लोगों को पकड़ा था। अब गैंग के मुखिया सोनू की नौवीं गिरफ्तारी है। सीमापुरी पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।