दोस्त की पत्नी से मजाक करने पर डांटने से खफा एक युवक ने अपने दोस्त को सबक सिखाने की ठान ली। उसने दोस्त के नाम से सिम लेकर पुलिस मुख्यालय को बम से उड़ाने की धमकी दे दी।
आरोपी ने 100 नंबर पर फोन कर फिदायीन हमले की भी धमकी दी। हाई अलर्ट के बीच इस तरह की धमकी मिलने से हरकत में आई पुलिस ने मामले की गंभीरता से जांच की और आरोपी युवक को खोड़ा से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान मूलरूप से शाहजहांपुर उत्तर प्रदेश निवासी सोनू (22) के रूप में हुई है।
वह खोड़ा में किराये के मकान में रहता है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, 23 सितंबर की सुबह किसी ने कंट्रोल रूम में फोन कर पुलिस मुख्यालय को बम से उड़ाने की धमकी दी। कॉल करने वाले ने कुछ देर बाद फिर से फोन कर पुलिस मुख्यालय में तैनात पुलिसकर्मियों को गोलियों से भून देने की धमकी दी। फोन करने वाले ने अपना नाम मनोज बताया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेकर जांच शुरू की।