छत्तीसगढ़ के पूर्व राज्यपाल व सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल केएम सेठ का क्रेडिट कार्ड चुराकर खाते से 30,500 रुपये निकालने का मामला सामने आया है। मोबाइल पर रुपये निकलने का एसएमएस आने पर उन्हें क्रेडिट कार्ड चोरी होने की जानकारी हुई। सेठ की शिकायत पर सेक्टर-39 पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, मूलरूप से इलाहाबाद निवासी केएम सेठ नोएडा के सेक्टर-37 में रहते हैं। 3 जुलाई को वह सेक्टर-29 स्थित ब्रह्मपुत्र मार्केट में सामान खरीदने गए थे। मार्केट के आसपास उनका आईसीआईसीआई बैंक का क्रेडिट कार्ड चोरी हो गया।
उसी रात नया बाजार और लक्ष्मी नगर स्थित एटीएम बूथ से चोरों ने केएम सेठ का क्रेडिट कार्ड इस्तेमाल करके कुल 30,500 रुपये निकाल लिए।
4 जुलाई की सुबह जब सेठ ने मोबाइल देखा तो बैंक का मेसेज आया हुआ था। उन्होंने तुरंत बैंक के कस्टमर केयर अधिकारी को फोन कर क्रेडिट कार्ड बंद करवाया। इसके बाद उन्होंने सेक्टर-39 थाने में जाकर मामले की एफआईआर दर्ज कराई।