सेक्टर-40 थाना क्षेत्र में दंपति के खाते से जालसाझों ने 40 लाख रुपये ट्रांसफर कर ठगी करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित दंपति की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हालांकि पुलिस को अभी तक खाते से पैसे कैसे निकले है या निकाले गए हैं? इसके बारे में पता नहीं चल सका है। साउथ सिटी-1 निवासी नीना वर्मा ने बुधवार को पुलिस आयुक्त को शिकायत दी थी कि सेक्टर-30 स्थित आईसीआईसीआई बैंक के खाते से मंगलवार को 40 लाख रुपये किसी दूसरे अकाउंट ट्रांसफर हो गए है।
इसके बारे में बैंक से भी जानकारी मांगी गई, लेकिन उनकी तरफ से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिला। जिसके बाद नीना वर्मा ने पति राजेश वर्मा के साथ पुलिस को ठगी के बारे में बताया। जिस पर पुलिस आयुक्त के आदेश पर सेक्टर-40 थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज करने के आदेश दिए।
पुलिस आयुक्त के आदेश पर सेक्टर-40 थाना क्षेत्र पुलिस ने जांच शुरू कर दिया है। जांच अधिकारी अब बैंक से जानकारी लेकर तफ्तीश में जुट गए हैं। जांच अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बैंक को नोटिस देकर खाते से पैसे कैसे निकले इसकी जानकारी देने के लिए कहा है।
बैंक अधिकारी ने पुलिस को शुक्रवार तक संबंधित अकाउंट के बारे में जानकारी मुहैया करवाने की बात कही है। उसके बाद ही पता चल पाएगा कि खाते से 40 लाख रुपये कैसे ट्रांसफर हुए और किसके खाते में रकम गई।
एसएचओ सुधीर कालीरमन ने बताया कि मामला दर्ज हो गया है। दंपति का सेक्टर-30 स्थित आईसीआईसीआई बैंक की ब्रांच में ज्वाइंट सेंविग खाता था। पूछताछ में पता चला है कि दंपति द्वारा 40 लाख की एफडी (फिक्सड डिपोजिट) करवाई हुई थी।
18 जुलाई को दंपति ने एफडी के पैसे को अपने खाते में ट्रांसफर करवाया था। जिसके बाद जालसाझों ने उनके खाते से पैसे ट्रांसफर कर लिए। इस मामले की जांच की जा रही है।