मानसी के पति व परिजन मोस्टमार्टम हाउस में पोस्टमार्टम होने का इन्तजार करते हुए।
- फोटो : लाल सिंह
लापरवाही से कार चलाकर गर्भवती महिला की मौत के मामले में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करके उसे जिला अदालत में पेश किया गया। वहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। उधर, मानसी का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। परिजन शव लेकर बरेली रवाना हो गए।
गौरतलब है कि बीती रात सेक्टर-18 में एक निजी कंपनी के मैनेजर प्रतीक कुमार पत्नी मानसी के साथ शॉपिंग के लिए गए थे। पार्किंग ठेकेदार के कर्मचारी अभिषेक उर्फ अविनाश ने लापरवाही से कार को चलाते हुए उनको कुचल दिया था। इसमें गर्भवती मानसी की मौत हो गई थी।
पुलिस ने आरोपी को मौके से हिरासत में ले लिया था। सोमवार को मानसी का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था। शाम करीब 4 बजे परिजनों को महिला का शव सौंप दिया गया। उधर, पुलिस ने आरोपी पार्किंग कर्मचारी के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए महिला की हत्या करने का मामला दर्ज किया है। इसमें गैरइरादजन हत्या की भी धारा लगाई गई है।
पिता बनने से पहले ही छिन गईं खुशियां
couple accident
- फोटो : लाल सिंह
निजी कंपनी के मैनेजर प्रतीक की शादी करीब 4 साल पहले हुई थी। वह पत्नी के साथ नोएडा सेक्टर-75 स्थित सोसायटी में रहते थे। वह जल्द ही पिता बनने वाले थे। इसे लेकर प्रतीक ही नहीं, बल्कि बरेली में रहने वाला परिवार भी काफी खुश था।
रविवार को प्रतीक के दोस्त और पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी तो उनके पैरों तले से जमीन ही खिसक गई। प्रतीक के पिता बरेली से नोएडा रविवार रात करीब 2 बजे पहुंचे।
बेटे से मिलकर वह फफक-फफक कर रोए। उन्होंने बेटे से यह भी कहा कि वे सेक्टर-18 गए ही क्यों। सोमवार दोपहर प्रतीक और पूरा परिवार मानसी के शव के साथ बरेली रवाना हो गया।