रणहौला इलाके में एक ऑटो वाले से लूटपाट कर रहे बदमाश का विरोध करने पहुंचे चार युवकों को ही बदमाशों ने लूट लिया। बदमाशों ने युवकों की आंख में मिर्च का स्प्रे डालकर कर वारदात को अंजाम दिया व फरार हो गये।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस लूटपाट का मामला दर्ज कर फरार बदमाशों की तलाश करने में जुटी है। पुलिस के अनुसार दीपक रणहौला इलाके में रहता है। वह एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में काम करता है।
गत 21 अक्तूबर की रात वह अपने साले विशाल और दो दोस्त रोहित और प्रयागदीप के साथ घूम रहा था। खेड़ी बाबा पुल के पास उनलोगों ने स्कूटी सवार बदमाशों को एक ऑटो वाले को लूटते हुए देखा। चारों युवक वहां पहुंचे। प्रयागदीप ने एक बदमाश की पिस्टल को पकड़ लिया।, अन्य दूसरे बदमाशों को पकडने लगे।
अचानक दो बदमाशों ने चारों युवकों की आंख में मिर्च पाउडर का स्प्रे कर दिया। मिर्च पाउडर का स्प्रे आंख में डलने से सभी युवक अपनी आंख मलने लगे। उन्हें कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। बदमाश युवकों की सोने के चेन और पर्स लूटकर फरार हो गये।
दीपक ने आंख पर पानी डालने के बाद पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने सभी युवकों को अस्पताल में दाखिल करवाया। जहां से प्राथमिक इलाज के बाद छुट्टी दे दी गयी। लेकिन दीपक की तबियत बिगड़ गयी।
तबियत ठीक होने के बाद बृहस्पतिवार को दीपक ने पुलिस के सामने अपना बयान दर्ज करवाया। पुलिस ने उसके बयान पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पीड़ितों के बताये हुलिए के आधार पर बदमाशों की तलाश में जुट गयी है।