कांग्रेस के पूर्व निगम पार्षद शंभू शर्मा के बेटे को अगवा कर 50 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने के मामले में दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपियों की पहचान दिल्ली, प्रहलादपुर-बांगर निवासी आनंद उर्फ आने (37), स्वरूप नगर, दिल्ली निवासी विचित्र वीर उर्फ बच्चू उर्फ पिंटोस (30), छावला निवासी विक्रांत शौकीन उर्फ सीटू (30) और विनोद कुमार (32) के रूप में हुई है।
बदमाशों ने 27 सितंबर को पूर्व पार्षद के बेटे कार्तिक शर्मा (20) को अगवा कर लिया था। बाद में पांच करोड़ रुपये की फिरौती लेकर तीन अक्तूबर को उसे छोड़ दिया था।
पुलिस ने कार्तिक की बीएमडब्ल्यू कार व वारदात में इस्तेमाल स्कोर्पियो व एक बाइक समेत दो अन्य कारें बरामद की है। पुलिस को अभी गैंग लीडर महेश और उसके दो साथी आशू व मंजीत डबास की तलाश है।
अपराध शाखा के संयुक्त आयुक्त रविंद्र यादव ने बताया कि 27 सितंबर को सैनिक विहार निवासी कार्तिक शर्मा अपनी बीएमडब्ल्यू कार से पीतमपुरा स्थित गुरू गोविंद सिंह कॉलेज के लिए निकला था।
कार्तिक बीबीए अंतिम वर्ष का छात्र है। जैसे ही वह सुभाष पैलेस इलाके में पहुंचा, अचानक पुलिस की वर्दी पहने बाइक सवार दो बदमाशों ने उसकी कार को रुकवा लिया। इस बीच एक स्कोर्पियो कार में कुछ अन्य बदमाश आए।
बदमाशों ने बीएमडब्ल्यू कार से उतारकर जबरन कार्तिक को अपनी स्कोर्पियो में बिठा लिया। बाद में वह पीड़ित की कार लेकर भी फरार हो गए। एक प्रत्यक्षदर्शी अमन कुमार की शिकायत पर सुभाष पैलेस थाने में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू की गई। इधर कार्तिक के अगवा होते ही बदमाशों ने पचास करोड़ रुपये फिरौती की डिमांड कर दी।
लोकल पुलिस के अलावा अपराध शाखा ने भी मामले की छानबीन शुरू की। इधर लोकल व टेक्नीकल सर्विलांस के आधार पर छानबीन की गई। बदमाश कभी दिल्ली तो कभी हरियाणा व राजस्थान अपनी लोकेशन बदलकर कॉल करते रहे।
पुलिस लगातार बदमाशों के पीछे रही। इधर बदमाशों को पुलिस का पता चलते ही उन्होंने परिवार से जल्दी रुपयों का इंतजाम करने के लिए कहा। सूत्रों की मानें तो परिवार से मामला पांच करोड़ में तय हो गया।
रुपये लेकर बदमाशों ने तीन अक्तूबर को गुडग़ांव में एक टैक्सी में कार्तिक को बिठाकर उसे छोड़ दिया। इधर पुलिस का कहना है कि परिवार ने एक करोड़ रुपये की रकम बदमाशों को दी। कार्तिक के सुरक्षित घर आने के बाद पुलिस ने जांच तेजी से शुरू की।
एसीपी संजय सहरावत और इंस्पेक्टर सुनील कुमार की टीम ने छानबीन जुटाना शुरू की। जांच के दौरान पुलिस शुक्रवार सूचना मिली कि वारदात में शामिल कुछ बदमाश झटीकरा मोड़ के पास अपने कुछ साथियों से मिलने आने वाले हैं।
सूचना के बाद हल्की झड़प के बाद पुलिस ने आनंद, विचित्रवीर, विक्रांत शौकीन व विनोद कुमार को दबोच लिया। इनके पास से एक स्विफ्ट कार बरामद की। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने वारदात में अपना हाथ होने की बात कबूल कर ली।