मकान खरीदने के बहाने ड्राइवर के घर में घुसे दो बदमाशों ने उसकी पत्नी और बेटी को गन प्वाइंट पर लेकर लूट की। बदमाश घर में रखे लाखों रुपये जेवर ओर 10 हजार रुपये लूट कर ले गए।
पीड़ित पूर्व ऊर्जा मंत्री रामवीर उपाध्याय के भाई महेश उपाध्याय का ड्राइवर है। वारदात को सिकरोड़ा की आनंद विहार कालोनी में मंगलवार दोपहर अंजाम दिया गया। घटना की शिकायत ड्राइवर की पत्नी ने पुलिस से की गई है।
रामवीर उपाध्याय के भाई महेश उपाध्याय लखनऊ में हाइड्रिल विभाग में अधिशासी अभियंता हैं। आनंद विहार कालोनी निवासी समीर उनका ड्राइवर है।
समीर की पत्नी शहाना, बेटी जिया और बेटा नौमान आनंद विहार कालोनी में ही रहते हैं। शहाना ने बताया कि बुधवार दोपहर साढे़ 12 बजे वह बच्चों के साथ घर में थी। इस दौरान बदमाशों ने दरवाजा खटखटाया।
मकान खरीदने के बहाने आए बदमाशों को शहाना ने मकान बेचने से इंकार किया तो बदमाश जबरन घर में घुस गए। शहाना ने विरोध जताया तो बदमाशों ने उनसे कहा कि ‘हमारा मोबाइल नंबर ले लो, अपने पति को दे देना’।
शहाना डायरी और पेन लेने के लिए बेडरूम में गई तो बदमाश भी पीछे से बेडरूम में पहुंच गए। शहाना और उनकी बेटी जिया को गन प्वाइंट पर लिया। शहाना से अलमारी खुलवाई।
इसमें रखा छह तोला सोना, आधा किलो चांदी व 10 हजार रुपये निकाल लिए। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी और बदमाश भाग गए।
बदमाश बाइक से आए थे। एसओ मसूरी राजकुमार का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है, जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा।