राजधानी की सड़कों पर लोगों का गुस्सा सातवें आसमान पर है, छोटी छोटी बातों पर लोग एक दूसरे की जान लेने को उतारू हैं। कंझावला इलाके में मंगलवार कुछ ऐसा ही हुआ।
सड़क पर रास्ता न देने को लेकर हुए विवाद में कार सवार बदमाशों ने बाइक सवार दो भाईयों को गोलियों से भून डाला। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गये। खबर मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया।
जहां एक युवक को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि दूसरा भाई अस्पताल में जिंदगी के लिए जंग लड़ रहा है। घटना के बाद पुलिस ने हत्या और हत्या का प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाल रही है।
पुलिस के मुताबिक मृतक की शिनाख्त प्रदीप(21) के रूप में हुई है। प्रदीप अपने परिवार के साथ बापरौला इलाके में रहता था। इसके परिवार में पिता सत्यनारायणन व बड़ा भाई पवन(30) और अन्य सदस्य हैं।
परिवार का गांव में ही दूध का काम है। इनकी गांव में डेयरी भी है। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे पवन और प्रदीप एक ही बाइक पर सवार होकर किसी काम के लिए निकले थे।
इस बीच दोनों जैसे ही रानीखेड़ा टी प्वाइंट , घेवरा के पास पहुंचे अचानक पीछे से एक कार सवार युवकों ने हार्न बजाकर उनसे साइड मांगी। लेकिन गडढा होने की वजह से उसने साइड नहीं दिया।
कार चालक आगे निकलकर उनकी बाइक रोक ली और प्रदीप से कहासुनी करने लगे। इसी दौरान कार से नीचे उतरे एक अन्य युवक ने प्रदीप पर ताबड़तोड़ गोली चला दी। दर्जन भर चली गोली में पवन भी गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी कार में सवार होकर फरार हो गये। किसी राहगीर ने पुलिस को सड़क हादसा होने की जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों युवकों के शरीर में गोली लगा हुआ देख उन्हें पास के अंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया।
जहां डॉक्टरों ने प्रदीप को मृत घोषित कर दिया। पवन की हालत नाजुक बनी हुई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि पवन के होश में आने के बाद ही सही कारणों की जानकारी मिल पाएगी।