पत्नी से झगड़ा करने के बाद ट्रेन के आगे कूदकर जान देने का प्रयास कर रहे एक 70 साल के बुजुर्ग की जान पीसीआर कर्मियों ने बचा ली। विवेक विहार स्टेशन के पास हुई घटना की सूचना एक राहगीर ने पुलिस को दी थी। जिसके बाद फौरन पीसीआर वैन मौके पर पहुंच गई और उसने बुजुर्ग को काबू किया।
बाद में उसे परिवार को सौंप दिया गया। पुलिस ने उसकी काउंसलिंग भी कराई है। पीसीआर की जिला पुलिस उपायुक्त मोनिका भारद्वाज के मुताबिक सोमवार सुबह करीब 8.33 बजे पुलिस नियंत्रण कक्ष को सूचना मिली कि विवेक विहार रेलवे स्टेशन के पास एक बुजुर्ग ट्रेन के आगे कूदकर जान देने का प्रयास कर रहा है।
तुरंत नजदीकी पीसीआर वैन पर तैनात एएसआई उमेश, सिपाही संदीप व विजेंद्र को मौके पर भेज दिया गया। सूचना के आधार पर कुछ ही देर में बुजुर्ग भी रेलवे ट्रैक पर पुलिस को मिल गया।
बुजुर्ग ने बताया कि उसका पत्नी से झगड़ा हुआ है। अब उसकी जीने की इच्छा नहीं है। लिहाजा वह अपनी जान देना चाहता है। समझा-बुझाकर पुलिसकर्मी उसे थाने ले आए। जहां उसकी काउंसलिंग भी कराई गई।