मोती नगर इलाके के एक बैंक्वेट हॉल में उस समय अफरा-तफरी मच गयी जब डीजे बंद करने की बात कहने पर एक व्यक्ति ने ताबड़तोड़ गोली चला दी। गनीमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी। घटना के समय बैंक्वेट हॉल में एक कारोबारी की बेटी की जन्म दिन की पार्टी चल रही थी। पुलिस ने इस बाबत मामला दर्ज कर गोली चलाने वाले आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मोती नगर के रमा रोड स्थित शुभ विला बैंक्वेट हॉल में 27 अप्रैल को देर रात गोली चलने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस को मौके पर जहांगीरपुरी निवासी अजय कुमार मिला। जो बैंक्वेट हॉल में होने वाली पार्टी का संचालन देखता है।
अजय ने पुलिस को बताया कि बैंक्वेट हॉल में चावड़ी बाजार के एक कारोबारी अंकित शर्मा की बेटी की जन्म दिन की पार्टी हो रही थी। पार्टी में काफी लोग आए हुए थे। अंकित शर्मा समेत कई लोग डीजे फ्लोर पर डांस कर रहे थे।
देर रात होने पर डीजे वाले ने कहा कि डीजे बंद करने का समय हो गया। यह सुनते ही अंकित के एक दोस्त ने डीजे पिच पर हाथ मारा और फिर नाचते हुए अपनी कमर से पिस्टल निकाल कर फ्लोर के लकड़ी की दीवार पर ताबड़तोड़ गोली चला दी। गनिमत रही कि गोली किसी को नहीं लगी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरू की। पुलिस को मौके से चार खोखे मिले। पुलिस ने अजय कुमार के बयान पर मामला दर्ज कर लिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गोली चलाने वाले व्यक्ति की पहचान कर ली गयी है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।