यमुना किनारे बसे बल्लभगढ़ के दलेलगढ़ गांव स्थित शराब ठेके को चार हथियारबंद बदमाशों ने रविवार दिनदहाड़े लूट लिया। बदमाशों ने जान लेने की नीयत से सेल्समैन चुन्नीलाल पर गोली भी दागी। निशाना चूकने से वह बच तो गया लेकिन बदमाशों ने उसे लात घूसों से पीटा और कैश बॉक्स में रखे करीब दस हजार रुपये, दो पेटी शराब लूट कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर तिगांव पुलिस और सीआईए टीमें मौका मुआयना करने पहुंची।
बदमाशों की गोली से सेल्समैन बाल-बाल बचा
दलेलगढ़ शराब ठेका मालिक के सहयोगी सूरजपाल उर्फ भूरा ने बताया कि रविवार की दोपहर ठेके पर सेल्समैन चुन्नीलाल अकेला था। करीब तीन बजे एक कार ठेके के सामने आकर रुकी। कार से एक युवक उतरा बाकी तीन बैठे रहेे। बाहर निकले युवक ने चुन्नीलाल को निशाना बना कर गोली दाग दी, निशाना चूकने की वजह से गोली ठेके की टीन की दीवार में जा धंसी। इसके बाद कार से बाकी तीन बदमाश उतरे उनमें से एक के हाथ में तमंचा, दूसरे के हाथ में चाकू और तीसरे के पास डंडा था।
सीआईए टीमें बदमाशों की तलाश मेें जुटीं
गोलीबारी से घबराया चुन्नीलाल बदमाशों का विरोध नहीं कर सका। दो बदमाशों ने उसे जमीन पर गिरा कर लात घूसों से पीटना शुरू कर दिया, जबकि एक ने कैशबॉक्स में रखी नकदी समेटी और दूसरे ने शराब की दो पेटियां उठा कर कार में लाद लीं। जाते जाते बदमाश चुन्नीलाल की जेब मेें रखा उसका मोबाइल फोन भी निकाल ले गए। बदमाशों के जाने के बाद चुन्नीलाल ने किसी तरह 100 नंबर पर सूचना दी। तिगांव थाना प्रभारी राजबीर सिंह ने मौके पर पहुंच कर तफ्तीश की। लोगों ने बताया कि बदमाश यमुना नदी का पुल पार कर यूपी की ओर भागे हैैं। सीआईए टीम भी मौके पर पहुंची और बदमाशों के भागने की दिशा में काफी दूर तक वाहन भी दौड़ाए लेकिन कुछ नहीं मिला। एसएचओ राजबीर सिंह ने बताया कि बदमाशों की तलाश की जा रही है।