भलस्वा डेयरी इलाके में नशे में धुत एक पिता ने रिश्तों की डोर को तार-तार करते हुए अपने ही बेटे की चाकू घोंपकर हत्या कर दी। मृतक की शिनाख्त ज्ञानू (25) के रूप में हुई है। दरअसल, ज्ञानू अपने पिता चंद्रिका (60) द्वारा भांजे को डांटने और मां को बुरा-भला कहने का विरोध कर रहा था।
इसी बात से नाराज होकर चंद्रिका ने अपने पूरे परिवार के सामने बेटे के सीने में चाकू घोंप दिया। परिजन ज्ञानू को बाबू जगजीवन राम अस्पताल भी ले गए लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
भलस्वा डेयरी थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी चंद्रिका को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है। पुलिस के मुताबिक ज्ञानू अपने परिवार के साथ कबाड़ी वाली गली, विश्वनाथपुरी, भलस्वा डेयरी में रहता था।
शराब पीकर घर में करता था हंगामा, विरोध करने पर भला-बुरा कहता था
मृतक ज्ञानू
- फोटो : अमर उजाला
इसके परिवार में पिता चंद्रिका, मां सरस्वती, भाई जुगनू, छोटू व एक बहन संध्या है। ज्ञानू अपने पिता के साथ कबाड़ी का काम करता था। अक्सर चंद्रिका शराब पीकर घर में हंगामा करता था और अपनी पत्नी को बुरा-भला कहता था।
ज्ञानू हमेशा इसका विरोध करता था। मंगलवार शाम करीब 7.30 बजे परिवार के सभी सदस्य घर में मौजूद थे। इस बीच चंद्रिका अपने तीन वर्षीय नाती सूरज को गालियां देने लगा। सरस्वती ने जब गालियां देने से मना किया तो आरोपी ने उसे भी बुरा-भला कहने लगा।
घर में ही मौजूद ज्ञानू ने पिता का विरोध किया तो वह आग बबूला हो गया। आरोपी उसे भी गालियां देने लगा। नशे में आरोपी ने रसोई से सब्जी काटने वाला चाकू उठाकर ज्ञानू के सीने में मार दिया। चाकू के एक ही वार से ज्ञानू के सीने से खून का फुव्वारा छूट गया।
परिजन फौरन उसे ई-रिक्शा में डालकर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित दिया। इधर, मामले की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।