फरीदाबाद के थाना सराय ख्वाजा क्षेत्र में पुलिस ने मां-बेटी द्वारा आत्महत्या मामले में मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है। रविवार को एक महिला ने अपनी दो बेटियों के साथ जहर खा लिया था।
जिससे महिला व उसकी एक बेटी की मौत हो गई थी। जबकि एक बेटी बच गई थी। पुलिस ने बेटी के बयान के आधार पर पति को गिरफ्तार किया।
यह भी पढ़ें:मोबाइल पर आई मिस्ड कॉल्ा और हो गया प्यार
मूलरूप से यूपी बुलंदशहर का रहने वाला योगेन्द्र अपने परिवार के साथ सूर्य विहार पार्ट-तीन में रहता है। योगेन्द्र ओखला स्थित निजी कंपनी में काम करता है। पुलिस के अनुसार योगेन्द्र के परिवार में उसकी बेटी पूजा (6) कविता (13) व पत्नी गीता साथ में रहती थी।
अस्पताल में भर्ती उसकी बेटी कविता ने बताया कि पापा छोटी-छोटी बात को लेकर मम्मी के साथ मारपीट करते थे। कई बार मम्मी को घर से निकालने का प्रयास भी किया। जिसके कारण उसकी मां गीता मानसिक रूप से परेशान रहती थी।
यह भी पढ़ें:'पैर छूकर माफी मांग वरना गोली मार दूंगा'
रविवार को गीता ने चाय में जहर मिलाकर अपनी दोनों बेटियों को पिला दिया और खुद भी पी लिया। जहर पीने के बाद तीनों बेहोश हो गईं। जब योगेन्द्र शाम को वापस आया तो उसने इस बात की सूचना पुलिस को दी।
तीनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां रविवार को ही लड़की पूजा व पत्नी गीता की मौत हो गई। जबकि बड़ी बेटी कविता का दिल्ली के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने जब कविता से इस बारे में पूछताछ की तो उसने मां को प्रताड़ित करने की बात का खुलासा किया। पुलिस ने बेटी के बयान पर योगेन्द्र को गिरफ्तार कर लिया है।