ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र के सैनी गांव में भाई को कमरे में बंद कर उसकी विवाहित बहन की हत्या कर शव का दाह संस्कार करने का मामला प्रकाश में आया है। घटना के बाद मृतका के ससुराल पक्ष के लोग फरार हो गए। मायके वालों ने हत्या का आरोप लगा हंगामा किया और पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने इस मामले में ससुराल वालों पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।
दिल्ली के बांस डेरा खुर्द निवासी बिजेंद्र ने दो बेटियों बबीता व लोकेश का विवाह सैनी गांव निवासी रामपाल के पुत्र राजकुमार व इंद्र से 2006 में किया था। आरोप है कि एक साल बाद ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उनकी बेटियों को परेशान करने लगे। बताया गया है कि कई बार मायके पक्ष के लोगों ने पंचायत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन जब उत्पीड़न बंद नहीं हुआ।
इसके बाद ससुराल पक्ष के लोगों पर दहेज का केस दर्ज करा दिया, लेकिन बाद में समझौता करना पड़ा। आरोप है कि शनिवार को बबीता व लोकेश का भाई राकेश सावन माह में सिंदारा लेकर सैनी गांव आया था। राकेश का आरोप है कि बहन के ससुराल वालों से उसका किसी बात पर झगड़ा हो गया। आरोपियों ने राकेश व बबीता से मारपीट की।
इसके बाद राकेश को एक कमरे में बंद कर दिया गया। सुबह किसी तरह वह कमरे से बाहर निकला तो उसे पता चला कि ससुराल वालों ने रात को ही उसकी बहन की हत्या कर शव का दाह संस्कार कर दिया है। उसकी सूचना पर अन्य मायके वाले भी आ गए।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर बिट्टू, इंद्रेश, कपिल, नितिन राजकुमार, इंद्र, व राकेश देवी के खिलाफ केस दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।