रानीबाग थाना पुलिस ने हर तरह की बीमारी को खत्म करने का दावा कर लोगों से लाखों की ठगी करने वाले एक फर्जी तांत्रिक को गिरफ्तार किया है। मूलत: मुरादनगर गाजियाबाद का रहने वाला आरोपी वसीम बाबा कमाल पाशा’ के नाम से टीवी पर विज्ञापन देता था।
आरोपी ने एक महिला के पिता की बीमारी को ठीक करने का दावा कर उससे करीब साढ़े चार लाख रुपये ठग लिए। महिला की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
जिला पुलिस उपायुक्त विजय सिंह ने बताया कि 16 मई को बुध विहार रोहिणी निवासी चारू गुप्ता ने रानीबाग थाने में ठगी की शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत में उसने बताया कि टीवी पर विज्ञापन देखने के बाद वह तांत्रिक बाबा कमाल पाशा से रानीबाग स्थित उसके कार्यालय पर मिली।
उसने तांत्रिक से पिता रतनलाल के बीमार रहने की बात बताई। तांत्रिक ने उसे हर तरह की बीमारी को खत्म करने की बात कही। कई तरह की पूजा करने की बात कहकर तांत्रिक ने उससे एक लाख 90 हजार नगद और 2 लाख 53 हजार एक बैंक अकाउंट में डलवाया।