ऑटो स्पेयर पार्ट्स कारोबारी से उसके दूर के रिश्तेदार ने कुख्यात बदमाश के नाम पर एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। रुपये नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी। कारोबारी ने मामले की शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया, जिससे बाद इसकी जानकारी हुई।
उक्त रिश्तेदार को कारोबारी ने नौकरी पर भी रखा था। आरोपियों के पास से तीन सिम कार्ड और तीन मोबाइल बरामद हुए हैं। अपराध शाखा के संयुक्त आयुक्त रविंद्र यादव ने बताया कि प्रह्लादपुर बांगर, दिल्ली निवासी कारोबारी सुनील गुलाठी ने शाहबाद डेयरी थाने में एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगे जाने की शिकायत की थी।
सुनील का विदेशों में भी ऑटो पार्ट्स एक्सपोर्ट का कारोबार है। शिकायत में उन्होंने बताया कि जान से मारने की धमकी देकर बदमाशों ने 26 अप्रैल, 9 और 10 मई को रुपयों की मांग की। फोन करने वाले बदमाश का कहना था कि वह कुख्यात बदमाश मंजील महल का शार्प शूटर प्रदीप सोलंकी बोल रहा है।
छानबीन के दौरान 17 मई को अपराध शाखा को सूचना मिली कि मामले में शामिल आरोपी बुद्ध विहार फेज-1 इलाके में इकट्ठा होने वाले हैं। सूचना के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान दिल्ली निवासी प्रतीक सचदेवा उर्फ पिकी (22), मनीष बंसल (26), सचिन जैन (34) और गांव डेढ़ापुर, कानपुर निवासी अनिल यादव (22) के रूप में हुई। इनमें प्रतीक पीड़ित कारोबारी का दूर का रिश्तेदार है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि इन लोगों ने प्रतीक के कहने पर रंगदारी मांगी। प्रतीक को अच्छी तरह पता था कि कारोबारी रकम दे सकता है। अनिल ने बताया कि वे कारोबारी के पड़ोसी जैन परिवार के बच्चे को भी अगवा करने की योजना बना रहे थे, लेकिन कामयाब नहीं हो पाए। जैन परिवार के यहां अनिल काम कर चुका है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।