गुरुग्राम में नोट मिलने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार की रात को नोट मिलने के तार पंजाब से जुड़े हैं। आयकर विभाग ने नोट व युवकों को अपने कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है।
सोमवार देर रात सीआईए बिलासपुर की पुलिस द्वारा एनएच-8 पर बिलासपुर के नजदीक पुराने टोल प्लाजा पर जयपुर से दिल्ली की तरफ आ रही दो कारों से 15,33,600 की नई करेंसी बरामद की थी।
सीआईए प्रभारी बाबूलाल के अनुसार पकड़े गए नोट का संबध पंजाब से है। पुलिस ने युवकों की पहचान महेंद्रगढ़ निवासी नरेंद्र, और पंजाब के फाजिल्का के रहने वाले वेदप्रकाश के रूप में की है। नरेंद्र टैंट हाउस का काम करता है और वेदप्रकाश इंश्योरेंस का काम करता है।
पुलिस ने जब इन पैसों के बारे में पूछताछ की तो वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके और ना ही कोई सुबूत पेश कर सके। जिसके बाद पुलिस ने बरामद रुपयों को कब्जे में लेकर थाना बिलासपुर के मालखाने में जमा करा दिया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक यह युवक पहले भी लाखों रुपये इसी प्रकार बदल चुके हैं। अब दूसरी बार यह पैसा लेकर गुरुग्राम आ रहे थे। यहां किसी व्यक्ति के पुराने नोटों को 50 फीसदी कमीशन पर नए नोटों से बदला जाना था।
हालांकि अब इन युवकों को इंकम टैक्स विभाग को सौंप दिया गया है। आयकर विभाग की टीम इनसे पता लगा रही है कि उनको नई करेंसी कहां से मिली और वह किसे यह नए नोट पहुंचाने जा रहे थे। आयकर विभाग ने जांच शुरू कर दी है।