बृहस्पतिवार को बदमाशों ने सेना के पूर्व ब्रिगेडियर के चालक से दिनदहाड़े तमंचे के बल पर कार लूट ली। लूट की पहली वारदात बृहस्पतिवार दोपहर करीब डेढ़ बजे सेक्टर-67 स्थित रजनीगंधा कंपनी के सामने हुई।
सेक्टर-41 निवासी सेना के पूर्व ब्रिगेडियर महेन्द्र कुमार इस कंपनी में अधिकारी हैं। वह अपने ड्राइवर धर्मवीर के साथ होण्डा सिटी कार (यूपी 16 एएम 1854) से कंपनी आए हुए थे।
मूलरूप से रेवई महोबा का रहने वाला धर्मवीर नोएडा के बरौला गांव में किराए पर रहता है। वह पांच साल से महेन्द्र कुमार के यहां ड्राइवर की नौकरी करता है। बृहस्पतिवार को धर्मवीर मालिक को कंपनी में छोड़कर सामने की तरफ पेड़ के नीचे कार खड़ी कर एफएम पर गाने सुन रहा था।
गर्मी न लगे इसलिए उसने कार का दरवाजा खोल रखा था। चाबी कार में लगी हुई थी। दोपहर करीब 1:30 बजे तीन-चार बदमाश पैदल उसके पास पहुंचे और मारपीटकर उसे कार से बाहर निकाल दिया।
तीनों बदमाश कार में बैठे तो चालक धर्मवीर और कुछ लोग बदमाशों को पकड़ने के लिए आगे बढ़े। इस पर बदमाशों ने तमंचा दिखाया और कार लेकर एफएनजी की तरफ भाग निकले।
सूचना मिलते ही एसपी सिटी दिनेश यादव और थाना फेज तीन प्रभारी निरीक्षक उम्मेद कुमार मौके पर पहुंचे। एसटी सिटी ने चालक से पूछताछ कर तत्काल बदमाशों की तलाश के लिए टीम गठित कर दी।