मियांवाली थाना पुलिस ने सप्लाई के लिए दिए गए 250 मोबाइल फोन लेकर फरार हुए कर्मचारी को उसके सहयोगी के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने करावल नगर एक्सटेंशन से दोनों की गिरफ्तारी उस वक्त की जब वो फोन बेचने की फिराक में थे।
पुलिस ने उनके पास से सारे मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। पकड़े गए आरोपियों की पहचान करावल एक्सटेंशन निवासी विनीत बंसल(28) और करावल नगर निवासी विवेक(27) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार तिलक नगर निवासी रवि कक्कड़ की उद्योग नगर में मोबाइल एसेंबल करने की फैक्ट्री है। गत दो मई को रवि ने सुपरवाइजर विनीत को पांच कार्टून में करीब 250 मोबाइल फोन सप्लाई करने के लिए दिए थे, लेकिन विनीत मोबाइल फोन लेकर फरार हो गया।
काफी संपर्क करने पर जब विनीत ने फोन नहीं उठाया तो रवि ने कार्यालय में उसके कागजात की जांच की, लेकिन वहां उन्हें उससे संबंधित कोई कागज नहीं मिला। उसकी मंशा को भांपते हुए रवि ने मियांवाली थाने में शिकायत कर दी।
पुलिस ने बृहस्पतिवार को एक गुप्त सूचना पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर सभी मोबाइल फोन बरामद कर लिए। बरामद फोन की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये आंकी गई है।