केन्या की दुष्कर्म पीड़िता गर्भवती छात्रा की काउंसलिंग को केन्या दूतावास से अधिकारी सोमवार को कासना कोतवाली पहुंचे। उन्होंने पीड़िता छात्रा की काउंसलिंग की और पुलिस ने पीड़िता के बयान अदालत में दर्ज कराए।
पुलिस का कहना है कि गर्भस्थ भ्रूण के संबंध में पीड़िता के बयानों के आधार पर निर्णय लिया जाएगा। सोमवार को केन्या दूतावास से पहुंचे एक अधिकारी ने पीड़िता छात्रा से पूरे मामले की पूछताछ की और कोई परेशानी आने पर दूतावास को सूचित करने की बात कही।
बता दें कि केन्या निवासी नॉलेज पार्क स्थित यूनिवर्सिटी की बीटेक छात्रा ने पिछले सप्ताह रेप की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कासना कोतवाली पुलिस को दी गई शिकायत में उसने कहा था कि वह मई से सहपाठी नाइजीरियन छात्र ओबिना के साथ रह रही थी।
इसी दौरान आरोपी ओबिना ने उसे ड्रग्स देकर रेप किया था। गर्भवती होने पर पीड़िता को इसकी जानकारी हुई। आरोपी ओबिना ने केन्या की छात्रा के साथ लिव-इन-रिलेशनशिप में रहने की बात कही थी। मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा दिया था।
बयानों का अवलोकन होगा
दूतावास से अधिकारी पीड़िता छात्र की पैरवी को लेकर आए थे। छात्रा के बयान अदालत में दर्ज करा दिए गए हैं। बयानों का अवलोकन किया जाएगा। - सुधीर त्यागी, कासना कोतवाली प्रभारी।