मुखर्जी नगर इलाके में शराब के नशे में धुत एक युवक ने अपनी बहन की पीट-पीट कर हत्या कर दी। आरोपी ने बहन के आठ साल के बेटे के सामने वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान प्रेमू(32) के रूप में हुई है। जबकि मृत महिला की पहचान माधुरी(30) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार मूलत: उन्नाव उत्तर प्रदेश की रहने वाली माधुरी अपने आठ साल के बेटे सुभाष और तीन साल के बेटे लक्की के साथ आउट्रम लेन स्थित झुग्गी में रहती थी।
पुलिस ने रेप की संभावना से भी नहीं किया इनकार
पुलिस
- फोटो : file photo
वह घरों में साफ सफाई का काम करती थी। दो साल पहले माधुरी का अपने पति बुढ़ान से विवाद हो गया था। उसके बाद से माधुरी अपने भाई प्रेमू के साथ रहने लगी। जबकि प्रेमू से विवाद होने की वजह से उसकी पत्नी अपने भाई के साथ रहती थी।
प्रेमू माधुरी के साथ भी शराब पीकर अक्सर मारपीट करता था। जिससे परेशान होकर माधुरी हरजीत कौर की झुग्गी में रहने लगी। दो माह पहले माधुरी अपने गांव चली गई। शनिवार को वापस आने के बाद वह हरजीत कौर की झुग्गी में रहने लगी।
हरजीत कौर के मुताबिक शनिवार देर रात प्रेमू माधुरी के घर में आया। वह शराब के नशे में धुत था। बातचीत के दौरान प्रेमू का माधुरी से किसी बात पर विवाद हो गया। उसके बाद उसने माधुरी की लात-घूंसों से पिटाई की।
बहन के मुंह में बेलन डाल की हत्या
Murder
शोर सुनकर बच्चे उठ गए। सुभाष ने अपने मामा को रोकने का प्रयास किया। सुभाष ने बताया कि उसके मामा ने उसकी मां के मुंह में बेलन डालकर गले पर पैर रखकर खड़ा हो गया। माधुरी के बेसुध होने के बाद आरोपी ने उसे छोड़ा।
सुबह में सुभाष ने हरजीत कौर को मां के साथ मारपीट की बात बताई। हरजीत ने झुग्गी में पहुंचकर देखा कि माधुरी अचेत पड़ी है और उसके बगल में प्रेमू सोया हुआ है।
सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। माधुरी की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में कर आरोपी को हिरासत में ले लिया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक रविवार दोपहर तक आरोपी नशे में था। पुलिस उसके होश में आने के बाद उससे पूछताछ में जुटी है। पुलिस ने माधुरी के साथ दुष्कर्म की घटना से भी इंकार नहीं किया है।