दिल्ली में ग्रेटर कैलाश के एम-ब्लॉक स्थित एक क्लब में रविवार शाम शराब के नशे में धुत युवकों ने जमकर उत्पात मचाया। युवकों ने क्लब में तोड़फोड़ की। क्लब मालिक ने उत्पाती युवकों को रोकने का प्रयास किया तो उसके साथ मारपीट की।
ग्रेटर कैलाश थाना पुलिस ने क्लब मालिक की शिकायत पर आरोपी युवकों के खिलाफ गंभीर चोट पहुंचाने, मारपीट करने, तोड़फोड़ करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
सुखदेव विहार निवासी अखिल तलवार एम ब्लॉक स्थित बेलोस्टी क्लब का मालिक है। रविवार शाम करीब साढ़े सात बजे क्लब की पहली मंजिल पर कुछ युवक हंगामा करने लगे। अखिल तलवार ने सिक्योरिटी गार्ड अंगरेज सिंह को भेजकर आरोपी युवकों को नीचे बुलाया और हंगामा करने से मना दिया। इसके कुछ देर बाद युवक फिर उत्पात मचाने लग गए।
पहले जड़ा थप्पड़, फिर चले लात-जूते
अखिल ने जब आरोपी युवक व उसके साथियों को ऐसा करने के लिए मना किया तो आरोपी एक युवक ने उसे थप्पड़ मार दिया। इसके बाद धक्कामुक्की शुरू हो गई। आरोप है कि आरोपी युवकों ने क्लब में तोड़फोड़ भी की।
अखिल ने ग्रेटर कैलाश थाना पुलिस को दी अपनी शिकायत में कहा है कि आरोपी युवकों ने उसके अलावा सिक्योरिटी गार्ड अंगरेज सिंह, कर्मचारी विक्की व अनिल के साथ भी मारपीट की।
इससे उन्हें गंभीर चोट आई हैं। ग्रेटर कैलाश थाना पुलिस ने एक आरोपी जाकिर को गिरफ्तार कर लिया है। जाकिर की ओखला सब्जी मंडी में दुकान है। पुलिस जाकिर के अन्य साथियों की तलाश कर रही है।
बच्ची से दुष्कर्म मामले में 10 साल कैद
अदालत ने नौ वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म मामले में दोषी को 10 वर्ष कैद की सजा सुनाई है। अदालत ने दोषी पर 20 हजार रुपये जुर्माना भी किया है। साकेत अदालत स्थित अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश गुलशन कुमार ने हाल ही में दिए फैसले में कहा कि पीड़िता ने अपने बयानों में स्पष्ट बताया कि आरोपी अलाउद्दीन उसे जबरन अपने घर ले गया व उससे रेप किया।
अभियोजन पक्ष के अनुसार 2 जुलाई 2009 को अपने घर के बाहर खेल रही थी और इसी दौरान पड़ोसी अलाउद्दीन उसे अपने घर ले गया और रेप किया।
लड़की ने इस घटना की जानकारी अपने माता-पिता दी और इसके बाद पुलिस ने शिकायत मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। लड़की को इस वारदात के कारण दो दिन अस्पताल में रहना पड़ा था।