गुरुग्राम महरौली रोड पर बॉलीवुड गायक (रैपर) राहुल यादव उर्फ फाजिलपुरिया ने शनिवार रात सड़क पर हाई वोल्टेज ड्रामा किया। वे शराब पीकर नई मर्सिडीज कार से घर जा रहे थे। एमजी रोड पर ट्रैफिक पुलिस ने ड्रंकन ड्राइविंग अभियान के तहत उनका चालान काट दिया। यही नहीं जरूरी कागजात न होने पर पुलिस ने उनकी कार को जब्त भी कर लिया। पुलिस के मुताबिक राहुल ने अधिक शराब का सेवन कर रखा था।
बता दें कि गुरुग्राम पुलिस हाल में एमजी रोड पर हुई छेड़छाड़ की घटनाओं को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। शनिवार की रात यातायात पुलिस एमजी रोड पर नाका लगाकर डंकन ड्राइविंग के तहत वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान दिल्ली की ओर से एक मर्सिडीज कार आई। पुलिस ने जब उसे रोककर जांच की तो पता चला कि कार चालक शराब के नशे में है। पुलिस के रोकने पर कार चालक उनसे बहस करने लगा। बहस करने वाले युवक की पहचान फाजिलपुर गांव निवासी राहुल यादव उर्फ फाजिलपुरिया के रुप में हुई।
ट्रैफिक पुलिस ने फाजिलपुरिया का एल्को मीटर से भी जांच की तो वो शराब के नशे में मिले। लेकिन राहुल अपने आप को पाक साफ बताने लगे और सड़क पर ही बिफर गए। मीडिया का कैमरा देख उन्होंने करीब आधे घंटे तक सड़क पर हाई वोल्टेज ड्रामा किया। जब उनसे ड्राइविंग लाइसेंस और कार का रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट मांगा गया तो उन्होंने कहा कि ड्राइविंग लाइसेंस तो पहले से ही चालानिंग ब्रांच में जमा है। उन्होंने जो पुराना चालान दिखाया वो भी एक साल पहले का निकला। गायक फाजिलपुरिया के पास संबंधित कोई कागजात नहीं मिलने पर पुलिस ने उनकी नई नवेली मर्सिडीज कार को जब्त कर लिया।
आए थे मर्सिडीज में, जाना पड़ा सफारी में
fazilpuria
गायक राहुल यादव उर्फ फाजिलपुरिया शनिवार रात को अपने दोस्तों के साथ नई कार की पार्टी देकर वापस जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने एमजी रोड पर उनकी गाड़ी जब्त कर रंग में भंग डाल दिया। आखिर में फाजिलपुरिया को अपने बाउंसरों की सफारी में ही घर जाना पड़ा।
फाजिलपुरिया शराब के नशे में थे। कार के जरूरी कागजात भी उनके पास नहीं थे। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है। एल्कोमीटर की जांच में अधिक शराब पीने की बात सामने आई। इसके लिए भी चालान काटा गया है। चालान काटने की बात पर राहुल बिफर गए और चिल्लाने लगे। जब वे ज्यादा बहस करने लगे तो पुलिस ने तीन बार उनका एल्को मीटर से एल्कोहल लेवल टेस्ट किया। उनकी चलती मर्सिडीज कार में जाम छलक रहे थे। कार में पीछे की सीट और ड्राइवर सीट के पास रखे शराब के गिलास मिले, जिनमें बाकायदा शराब मौजूद थी।
-पंखुड़ी, एसीपी यातायात, गुरुग्राम