दिल्ली-मथुरा ईएमयू में बृहस्पतिवार रात हुए जुनैद हत्याकांड के तीन दिन बाद भी पुलिस मुख्य आरोपी तक नहीं पहुंच सकी है। राजकीय रेलवे पुलिस ने घटना से संबंधित किसी तरह की जानकारी (वीडिया, फोटो या कोई अन्य महत्वपूण जानकारी) देने वाले को एक लाख रुपये का इनाम दिए जाने की घोषणा की है।
इसके लिए पुलिस ने अपने नंबर भी जारी किए हैं। पुलिस ने इस मामले में पलवल के कैलाश नगरनिवासी रमेश को गिफ्तार किया है, जिससे दूसरे दिन भी पूछताछ जारी रही। हालांकि, जीआरपी सूत्रों के मुताबिक तीन अन्य लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
रविवार को जांच टीमों ने रविवार को दिल्ली से मथुरा के बीच 30 से ज्यादा स्थानों का मुआयना किया। हालांकि, जीआरपी एक आरोपी के अलावा किसी की गिरफ्तारी की बात से इनकार कर रही है। रविवार को जीआरपी की टीम ने विशेषर उस ईएमयू में यात्रियों से पूछताछ की जिसमें वारदात को अंजाम दिया गया था।
असावटी, बल्लभगढ़, ओखला और पलवल स्टेशन फ्लेटफॉर्म पर संदिग्ध लोगों से पूछताछ भी की गई। देर रात तक दिल्ली-मथुरा सेक्शन पर आरोपियों की तलाश में जांच टीमें जुटी रहीं। इस दौरान तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की बात सामने आ रही है।
सीट के विवाद ने लिया सांप्रदायिक हिंसा का रूप
junaid murder
- फोटो : अमर उजाला
बता दें कि बृहस्पतिवार को सदर बाजार, दिल्ली से ईद की खरीददारी करके लौट रहे जुनैद, उसका भाई हाशिम व मौसिम व मोहसिन सदर बाजार से मथुरा शटल में सवार हुए थे। जब ट्रेन ओखला स्टेशन पर पहुंची तो उसमें 15-20 लोगों की टोली सवार हुई। धक्कामुक्की से बढ़े विवाद ने गंभीर रूप ले लिया।
बल्लभगढ़ असावटी के बीच जुनैद की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। इस वारदात में जुनैद का भाई हाशिम, मोहसिन व शाकिर घायल हो गया था। मोहसिन व शाकिर का इलाज दिल्ली एम्स में चल रहा है।
क्या कहती है पुलिस?
junaid murder
- फोटो : अमर उजाला
कमलदीप, पुलिस अधीक्षक जीआरपी ने बताया कि हत्या मामले में किसी प्रकार की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने वाले को एक लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा। अगर किसी के पास वारदात से संबंधित कोई वीडियो या कोई और सामग्री हो, उसे पुलिस तक पहुंचाएं। सूचना देने वाले की पहचान उजागर नहीं की जाएगी व उसकी सुरक्षा भी सुनिश्चित की जाएगी।
मोनिंदर सिंह, डीएसपी, जीआरपी ने कहा कि फिलहाल चार टीमों का गठन किया गया है। जिसने फरीदाबाद से मथुरा तक जांच की जा रही है। इस मामले के आरोपियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।