दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक किलोग्राम मादक पदार्थ (केटामाइन) जब्त की गई है, यह खेप स्पेन जानी थी।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है। आरोपी टूथपेस्ट की ट्यूब खाली कर उसमें ड्रग्स भरकर विदेश भेजने की फिराक में था। अपराध शाखा डीसीपी भीष्म सिंह के अनुसार शाखा की इंटर-बॉर्डर गैंग्स इंवेस्टीगेशन स्क्वायड में तैनात इंस्पेक्टर सुनील जैन की टीम ने पंचकुईयां रोड मोड़, पहाड़गंज से पटना, बिहार निवासी सतेंद्र कुमार यादव उर्फ राकेश को घेराबंदी कर दबोच लिया।
उसके कब्जे से 200-200 ग्राम की 35 टूथपेस्ट बरामद की गईं। इनमें से सात टूथपेस्ट में पेस्ट निकालकर उनमें केटामाइन भरी हुई थीं। आरोपी ने बताया कि वह पहाड़गंज इलाके में किराये पर रहता था। यहां से कॉस्मेटिक शॉप चलाता है।
इससे पहले वह अपने चचेरे भईनगेंद्र की कॉस्मेटिक की दुकान पर काम करता था। दुकान पर विदेशी टूरिस्ट आते थे और इस मादक पदार्थ की डिमांड करते थे। नगेन्द्र इंजेक्शन को उबाल कर पाउडर तैयार करता था और विदेशी सैलानियों को बेचता था।
पुलिस ने वर्ष 2012 में नगेंद्र को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद सतेंद्र यादव इस प्रकार के मादक पदार्थ का पाउडर तैयार करने लगा। सतेंद्र शुरू में दिल्ली व पटना में मेडिकल स्टोर से इसका इंजेक्शन खरीदता था।
इसके बाद पाउडर तैयार करता था। ये पाउडर को टूथपेस्ट में भरता था और फिर कूरियर के जरिये यूरोपियन देशों में भेजता था। यह एनेस्थिया में काम आने वाली दवाई है। दिल्ली पुलिस ने संबंधित एजेंसियों को सूचना दे दी है।