द्वारका सेक्टर आठ स्थित सरगोधा अपार्टमेंट के पास बृहस्पतिवार सुबह एक स्विफ्ट कार में उसके चालक की लाश मिली। चालक अपनी कार को ओला कंपनी के लिए चलाता था।
मृतक की शिनाख्त महेश शर्मा(32) के रूप में हुई है। कार से बदबू आने के बाद रातगीरों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। चालक के परिवार वालों ने उसकी हत्या किए जाने की आशंका जताई है।
वहीं पुलिस इसे स्वभाविक मौत मान रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। द्वारका साउथ थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस के अनुसार बृहस्पतिवार सुबह किसी ने सरगोधा अपार्टमेंट के सामने सड़क के किनारे खड़ी एक स्विफ्ट कार से बदबू आने की सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।