पूर्वी दिल्ली के स्पेशल स्टाफ ने कई प्रदेशों में करीब दो सौ से ज्यादा चोरी की वारदात अंजाम देने वाले चोर को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए चोर की पहचान गांव फरीदनगर गाजियाबाद निवासी नदीम के रूप में हुई है।
पुलिस ने इसकी गिरफ्तारी से मुंबई के तीन और दिल्ली के एक मामले को सुलझाने का दावा किया है। आरोपी 17 मामलों में वांछित है। जिला पुलिस उपायुक्त भैरों सिंह गुर्जर ने बताया कि पूर्वी दिल्ली के कई पॉश कालोनियों में चोरी की वारदात हो रही थी।
जिसे देखते हुए स्पेशल स्टाफ को चोर को पकडने की जिम्मेदारी दी गई। पुलिस टीम ने जेल से निकले बदमाशों की जानकारी इक्कठा की। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि नदीम नाम का बदमाश क्रास रिवर मॉल के पास सहयोगियों से मिलने आ रहा है। पुलिस की टीम वहां पहुंचकर आरोपी को दबोच लिया।
नदीम ने पुलिस को बताया कि पिछले 21 साल से वह करीब पांच सौ फ्लैट में चोरी की वारदात को अंजाम दे चुका है। वह दिल्ली सहित भारत के कई राज्यों में वारदात कर चुका है। उसके मुताबिक दिल्ली पुलिस ने उसे चार बार गिरफ्तार कर चुकी है।
पिछले दो साल से वह फरार है। उसने कहा कि वह ऐसे अपार्टमेंट में वारदात को अंजाम देता है जहां गार्ड बुजुर्ग होते हैं। वह नकदी और जेवरात पर हाथ साफ करता था। वह ज्यादातर रुपयों को बार बाला पर लूटा देता था।
उसने चोरी की रकम से दो कार खरीदी थी और उसी पर वारदात को अंजाम देता था। पुलिस ने उसके पास से वारदात में इस्तेमाल एक होंडा सिटी कार बरामद की है।