गाजियाबाद में डीएलएफ अंकुर विहार कालोनी में ठेकेदार के सिर पर वार कर हत्या कर दी गई। ठेकेदार का दो दिन पुराना शव फ्लैट से मिला है। घटनास्थल से शराब की खाली बोतल, गिलास एवं दाव मिला है।
आशंका है वारदात से पहले हत्यारों ने ठेकेदार के साथ शराब पी फिर दाव से उसकी हत्या कर दी। ठेकेदार के पुत्र ने अज्ञात हत्यारों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करायी है।
पुलिस के अनुसार, मूल रुप से दिल्ली के तुर्कमान गेट निवासी रामकिशोर प्रजापति (62) पुत्र कन्हैया करीब दो साल से डीएलएफ अंकुर विहार कॉलोनी में छोटे भाई राजकुमार के फ्लैट में रह रहे थे। रामकिशोर बिल्डिंग बनाने का ठेके लेते थे। उन्होंने दो शादियां की थीं।
पहली पत्नी लाजवंती भजनपुरा दिल्ली में तथा दूसरी पत्नी आशा देवी उनके साथ रहती थी। राम किशोर की सभी संतानें शादीशुदा हैं। दस जून को पति से मामूली झगड़ा होने पर आशा बेटी की ससुराल चली गईं थीं।
बृहस्पतिवार सुबह बदबू आने पर लोगों ने फ्लैट में देखा तो रामकिशोर का शव फर्श पर पड़ा था। उनके मुंह, नाक एवं आंखों पर कपड़ा बंधा था और पास ही शराब की खाली बोतल, तीन गिलास, नमकीन, बिस्कुट व दाव पड़ा था।
कमरे व बाथरूम में खून पड़ा था। आशंका है कि हत्यारों ने पहले रामकिशोर के साथ शराब पी होगी। इसके बाद दाव से सिर पर वार कर हत्या कर दी।
थाना प्रभारी का कहना है कि रामकिशोर शराब पीने का आदी था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद हत्या में प्रयुक्त हथियार की जानकारी हो सकेगी।
तीसरी शादी तो नहीं हत्या की वजह
चर्चा है कि रामकिशोर के डीएलएफ कॉलोनी में ही रहने वाली एक अन्य महिला से प्रेम संबंध थे। वह उसके साथ शादी करना चाहते थे। हो सकता है तीसरी शादी ही उनकी हत्या की वजह बने हों। लोगों ने बताया कि अक्सर रामकिशोर के घर रिश्तेदार आते रहते थे। वह उनके साथ शराब पीने के बाद झगड़ते थे।