शहर में आए दिन ट्रांसफॉर्मरों से तेल चोरी की घटनाओं से सबक लेते हुए विद्युत विभाग के अफसरों ने तेल चोरों की तलाश शुरू कर दी है। विभाग की ओर से कुछ पूर्व कर्मचारियों की सूची बनाई जा रही है।
दरअसल, नोएडा में पिछले एक साल में 50 से अधिक ट्रांसफार्मरों से ऑयल चुराया जा चुका है। ऑयल चोरी होने के बाद ट्रांसफार्मर अपने आप ही फुंक जाता है। गर्मियों के आते-आते इस तरह की घटनाएं अधिक बढ़ गई हैं।
इसमें विभाग के अफसरों का कहना है कि आम आदमी ट्रांसफार्मर से ऑयल चुराने से डरते हैं। विभागीय अफसरों की मानें तो इस काम में विभाग के पूर्व या वर्तमान कर्मचारियों की सह है। जिससे ट्रांसफार्मर से ऑयल चोरी हो रहा है।
अधीक्षण अभियंता मुकुल सिंघल ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से ट्रांसफार्मरों से ऑयल चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं। ट्रांसफार्मर के जानकार लोग ही उससे ऑयल चोरी कर सकते हैं। संभावना है कि कुछ पूर्व संविदा कर्मचारियों की मिलीभगत से ही घटनाएं हो रही हैं।