जहांगीरपुरी डीडीए मार्केट में स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम को गैस कर्टर से काटकर उसमें से लाखों रुपये की चोरी करने का मामला सामने आया है। एटीएम बूथ की देखरेख करने वाली कंपनी के कर्मचारी की शिकायत पर पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना बुधवार की है। दोपहर करीब दो बजे पुलिस को सूचना मिली कि जहांगीरपुरी के डीडीए मार्केट में स्थित एक्सिस बैंक के एटीएम में चोरी हो गयी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर एटीएम की देखरेख करने वाली कंपनी हिताची पेमेंट सर्विस प्राइवेट कंपनी का कर्मचारी जगतपुरी निवासी धीरेंद्र यादव मिला। जिसने पुलिस को बताया कि वह एटीएम की देखरेख करता है। वह दोपहर में एटीएम बूथ पर पहुंचा तो एटीएम टूटा हुआ पाया और उसमें से सारे पैसे गायब थे।
पुलिस ने छानबीन शुरू की। छानबीन में पता चला कि बदमाशों ने एटीएम को गैस कर्टर से काटकर उसमें से पैसे निकाले हैं। वारदात को अंजाम देने से पहले बदमाशों ने अपनी पहचान न हो इसके लिए बूथ में लगे सीसीटीवी कैमरे पर काले रंग का स्प्रे कर दिया था।
पुलिस ने जिला की मोबाइल क्राइम टीम को घटनास्थल पर बुलाया। क्राइम टीम ने मौके पर तकनीकी जांच की और सबूत इक्कठा किये। जांच में पता चला कि घटना के समय एटीएम में 16 लाख ज्यादा रुपये थे। जिसे चोर लेकर गये हैं।
पुलिस ने कंपनी के कर्मचारी के बयान पर चोरी का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस एटीएम के आस पास लगे सीसीटीवी कैमरे के जरिए आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। लेकिन अभी तक बदमाशों की पहचान नहीं हो पायी है।