दीपावली की रात दिल्ली के नजफगढ़ इलाके से अगवा हुआ दारोगा का बेटा पलवल के आर्यनगर से बरामद हुआ है। शुक्रवार की सुबह करीब आठ बजे वह अपहर्ताओं के चंगुल से निकलकर सिटी थाने पहुंचा और घटना की जानकारी पुलिस को दी।
पुलिस ने फ्लैट में दबिश देकर दो अपहर्ताओं को हिरासत में ले लिया। पीड़ित के मुताबिक, उसे दोस्तों ने नशे का इंजेक्शन लगाकर घटना को अंजाम दिया था। अपहर्ताओं ने तीन करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी। पलवल पुलिस ने अपहर्ताओं को दिल्ली पुलिस के हवाले कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, नजफगढ़ दिल्ली के छांवला थाना क्षेत्र के गांव पपरावर निवासी रोहताश यादव का 22 वर्षीयबेटा प्रदीप कुमार प्रॉपर्टी का कारोबार करता है। बताया जाता है कि वह दीपावली की रात करीब 8.30 बजे अपनी होंडा सिटी कार से गांव के बाहर स्थित नहर पर प्रसाद चढ़ाने गया था।
प्रसाद चढ़ाते ही वह जैसे ही घर के लिए निकला कि पांच युवकों ने तमंचे के बल पर प्रदीप का मुंह दबाकर जबरन अपनी सेंट्रो कार में बिठा लिया। एक बदमाश प्रदीप की कार अपने कब्जे में ले ली। प्रदीप के अनुसार अपहर्ताओं में से विनोद व आशीष उर्फ सन्नी उसके साथ दिल्ली के अरविंदो कॉलेज में एक साथ पढ़ाई कर चुके हैं।