भीड़भाड़ वाले जीआईपी मॉल के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने मंगलवार रात दिल्ली पुलिस के एक सिपाही को लूट लिया। बदमाशों ने तमंचा दिखाकर बाइक लूट ली। विरोध करने पर बदमाशों ने सिपाही की पिटाई भी की। पीड़ित ने थाना सेक्टर-39 में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस के अनुसार, बागपत निवासी विवेक आर्या का ग्रेटर नोएडा में ननिहाल है। मंगलवार रात लगभग 11 बजे वह ननिहाल में मिलकर बाइक से वापस दिल्ली जा रहे थे। जीआईपी मॉल के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया और तमंचा तान दिया। विवेक बदमाशों का मंसूबा समझ गए और विरोध करने लगे। इस पर बदमाशों ने पिटाई करके विवेक का मोबाइल और पर्स निकाल लिया।
इसके बाद एक बदमाश विवेक की बाइक व दो बदमाश अपनी बाइक पर बैठकर भाग निकले। वारदात के बाद विवेक ने राहगीरों की मदद से 100 नंबर पर पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। थाना सेक्टर-39 पुलिस ने विवेक की शिकायत पर लूट की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। सेक्टर-39 प्रभारी अजय कुमार सिंह का कहना है कि मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। सिपाही से केवल पुरानी बाइक लूटी गई है। पर्स और मोबाइल उसके पास ही है। सभी बिंदुओं से मामले की जांच की जा रही है।