दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने हेरोइन तस्करी करने वाले अंतरराज्यीय गैंग के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
विज्ञापन
इनकी पहचान राम अवतार उर्फ रामा (72), इसका भाई गिरधारी लाल उर्फ पिद्दू (43) और बेटा पंकज उर्फ बंटी (38) के अलावा संगीता (27) व इंदल कुमार सिंह (20) के रूप में हुई।
इनके पास से 17 किलो 560 ग्राम हेरोइन व 15 किलोग्राम फैनो बारबीटल (हेरोइन बनाने के लिए इस्तेमाल किया जाने वाला केमिकल) व चार मोबाइल बरामद किए गए। अंतरराष्ट्रीय बाजार में बरामद हेरोइन की कीमत 65 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा गई है।
विज्ञापन
केमिकल से बनाते थे हेरोइन
स्पेशल सेल पुलिस उपायुक्त संजीव कुमार यादव के मुताबिक सूचना मिली थी कि एक महिला ड्रग तस्कर तिलक नगर इलाके में अपने साथियों से हेरोइन लेने के लिए आने वाली है। इसके बाद पुलिस ने मदर डेयरी बूथ से संगीता, रामअवतार और गिरधारी को दबोच लिया।
इनके पास से 5600 सौ पुड़िया हेरोइन मिलीं। इसके अलावा एक किलो हेरोइन रामअवतार के पास से बरामद हुई। छानबीन के दौरान पता चला कि रामअवतार गैंग का सरगना है। उसके दिल्ली में कई मकान हैं।
यहां वह कच्चे कैमिकल से हेरोइन बनाकर दिल्ली व दूसरे राज्यों में सप्लाई करता है। पुलिस ने उसके अशोक नगर स्थित घर से पांच किलोग्राम हेरोइन और विष्णु गार्डन स्थित घर से 10 किलोग्राम हेरोइन व फैनो बारबीटल बरामद की।
खानदानी पेशा बन गई तस्करी
रामअवतार ने बताया कि विष्णु गार्डन में हेरोइन की पुड़िया तैयार कर संगीता व इंदल कुमार जैसे छोटे तस्करों को सप्लाई कर दी जाती थीं।
उसकी निशानदेही पर पुलिस ने 24 अप्रैल को जैन कॉलोनी, रुद्रपुर (उत्तराखंड) निवासी उसके बेटे पंकज को और 26 अप्रैल को दिल्ली के पुल मिठाई से इंदल कुमार को दबोच लिया।
पुलिस की मानें तो रामअवतार का पिता मंगतराम मादक पदार्थों का बड़ा तस्कर था। 1980 के दशक में भारत में हेरोइन लाने वाला शख्स मंगतराम ही था। पिता के बाद उसने दिल्ली में ड्रग तस्करी का धंधा संभाला। रामअवतार की एक बहन और सात भाई तस्करी में शामिल हैं। उसका इकलौता बेटा पंकज किशोर अवस्था में पुलिस के हत्थे चढ़ गया था। कुछ दिन बाल सुधार गृह में रहने के बाद उसे छोड़ दिया गया।
उधर, दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने करीब 80 लाख रुपये की हेरोइन के साथ युवक को गिरफ्तार किया है। इसकी पहचान राजा गार्डन, गर्दी कड़ियां, लोनी निवासी राजकुमार उर्फ बुलबुल (27) के रूप में हुई है।
अपराध शाखा के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त रविंद्र यादव के अनुसार, पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि शमशान घाट गीता कॉलोनी के पास एक युवक हेरोइन के साथ आने वाला है। मौके से पुलिस ने राजकुमार को दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से 320 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 80 लाख रुपये बताई जा रही है। पूछताछ में राजकुमार ने बताया कि पहले वह मदारी था। इस बीच उसकी मुलाकात ड्रग्स का धंधा करने वालों से हुई। उसकी मुलाकात मरियम से हुई। दोनों ने शादी कर ली। मरियम भी हेरोइन तस्करी करती थी। वर्ष 2008 में हेरोइन के साथ पकड़े जाने के बाद से वह जेल में बंद है।