दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने अलग-अलग दो मामलों में एक करोड़ रुपये की हेरोइन के साथ नाइजीरियन समेत चार आरोपियों को दबोचा है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान सुल्तानपुरी निवासी हेमराज उर्फ शेरा (26), फिरोजपुर (पंजाब) निवासी नीतू उर्फ निक्का (25), मुक्तसर (पंजाब) निवासी बृजेश कुमार गर्ग (40) और नाइजीरियन नागरिक एलीम डेविड (35) के रूप में हुई है।
पुलिस ने चारों आरोपियों के पास से कुल 960 ग्राम हेरोइन बरामद की है। सभी आरोपी दिल्ली-एनसीआर के अलावा पंजाब में हेरोइन सप्लाई करते थे। फिलहाल, आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन जारी है।
पुलिस उपायुक्त राजेश देव ने बताया कि पहले मामले में बुधवार को पुलिस को सूचना मिली थी कि बृजेश नामक युवक अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी से दिल्ली में नाइजीरियन नागरिक से हेरोइन लेने आने वाला है। सूचना के बाद पुलिस ने माता चनन देवी अस्पताल, जनकपुरी से दोनों को 100 और 160 ग्राम हेरोइन के साथ दबोच लिया। छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला कि बृजेश पंजाब में एक बार वह हेरोइन के साथ पकड़ा गया था। इसी दौरान उसकी मुलाकात जेल में अन्य लोगों से हुई। फिर उसने धंधा शुरू कर दिया। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है।
दूसरे मामले में बृहस्पतिवार को सूचना मिली कि हेमराज उर्फ शेरा अपने साथ नीतू उर्फ निक्का के साथ हेरोइन सप्लाई के लिए आने वाला है। सूचना के बाद पुलिस ने गुरु नानकसर गुरुद्वारे के पास से दोनों को 250 ग्राम और 450 ग्राम हेरोइन के साथ दबोच लिया। आरोपियों ने खुलासा किया कि दोनों पंजाब के ड्रग्स तस्कर शेरा के लिए काम करते हैं। शेरा के बरेली में भाईजान नामक शख्स से संबंध है। हेरोइन लाने के लिए रोडवेज बस का इस्तेमाल किया जाता था।