दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने पंजाब के दो वांछित बदमाशों को गिरफ्तार किया है। एक की हत्या के मामले में तलाश थी। दूसरे की हत्या का प्रयास और दंगे के मामले में तलाश थी। दिल्ली पुलिस ने इसकी सूचना पंजाब पुलिस को दे दी है।
अपराध शाखा के संयुक्त पुलिस आयुक्त रविंद्र यादव के अनुसार, इंस्पेक्टर पीसी यादव की देखरेख में एसआई मंदीप सिंह की टीम ने एक सूचना के आधार पर पंजाब में वांछित पंजाब सिंह और हरप्रीत सिंह को सराय काले खां के पास से पकड़ लिया।
पंजाब सिंह ने बताया कि वर्ष 2009 में उसका सिराले गांव, पंजाब निवासी बिल्ला से झगड़ा हुआ था। उसने बिल्ला पर चोपर से हमला किया था। इसके बाद वह फरार हो गया था। कोर्ट ने भी उसे भगोड़ा घोषित कर दिया था।
बीएसएफ के सिपाही संग मिलकर की व्यवसायी की हत्या
दिल्ली पुलिस
उसने बीएसएफ में सिपाही सुनील उर्फ लीला पहलवान के साथ मिलकर मनी चेंजर का व्यवसाय करने वाले राजेंद्र की हत्या कर दी थी। राजेंद्र सुनील की बहन को परेशान कर रहा था। दिल्ली पुलिस ने सुनील को पिछले सप्ताह गिरफ्तार किया था।
दूसरे आरोपी हरप्रीत सिंह ने बताया कि वर्ष 2014 में उसका गरदीवाला में खालसा कॉलेज फेस्टिवल के दौरान ज्योति खुरदा ग्रुप से झगड़ा हो गया था। इसके ग्रुप ने तलवार व चाकू से भूपिंद्र सिंह पर हमला कर दिया था।
इस बाबत थाना दासूया जिला होशियारपुर पंजाब में मामला दर्ज हुआ था। पंजाब सिंह गांव गरदीवाला, विश्वकर्मा रोड, जिला होशियार पंजाब का रहने वाला है जबकि हरप्रीत सिंह गांव गोंडपुर, थाना गरदीवाला जिला होशियारपुर का रहने वाला है।