दिल्ली के अमर कॉलोनी थाना क्षेत्र में रोटी पहले न देने पर तीन युवकों ने सोमवार रात ढाबा मालिक तीन भाइयों पर चाकू व कबाब सेंकने वाली लोहे की सींक से हमला कर दिया। इसमें एक की मौत हो गई, जबकि दो की हालत गंभीर बनी हुई है।
विज्ञापन
पुलिस ने मामला दर्ज कर मंगलवार दोपहर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। इन्हें बुधवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। बताया जा रहा है कि सब्जी ठीक नहीं होने पर राशिद और ढाबा मालिक भाइयों के बीच कहासुनी हो गई।
इसके बाद वेटर ने रोटी पहले आए किसी ग्राहक को दे दी। इस पर राशिद ने गाली-गलौच शुरू कर दी और अपने भाइयों-अकरम व शादाब को बुला लिया। उन्होंने यूसुफ, नवाब और जुबेर पर चाकू, सींक और डंडों से हमला कर दिया।
विज्ञापन
चाउमीन गिरने पर नार्थ-ईस्ट छात्र को पीटा
दिल्ली विश्वविद्यालय के नेहरू नगर स्थित डीएवी कॉलेज में चाउमीन गिरने पर एक युवक ने पूर्वोत्तर के छात्र की पिटाई कर दी। लाजपत नगर थाना पुलिस ने आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर लिया। बाद में उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, गुवाहाटी निवासी प्रान डीएवी कॉलेज में बीए तृतीय वर्ष का छात्र है। इस कॉलेज में फतेहपुरबेरी निवासी सोनू बीए प्रथम वर्ष में पढ़ता है। मंगलवार दोपहर करीब 12.30 बजे सोनू स्कूल की कैंटीन में चाउमीन ले रहा था जबकि प्रान बर्गर लेने गया था।
लाइन में लगने के दौरान प्रान के धक्के से सोनू की चाउमीन की प्लेट गिर गई। इस पर सोनू ने प्रान को पीट दिया। प्रान को ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।
मोमोज के पैसे मांगने पर गर्म तेल उड़ेला
दिल्ली के सनलाइट कॉलोनी क्षेत्र के दर्शन प्रसाद पार्क में मोमोज की दुकान चलाने वाले युवक अल्ताफ ने मोमोज के पैसे क्या मांग लिए कि एक शख्स ने कड़ाई का गर्म तेल उसके ऊपर उड़ेल दिया।
गर्म तेल की चपेट में आकर एक ग्राहक गौरव अखरिया भी झुलस गया। दोनों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने आरोपी प्रिंस को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार सोमवार रात करीब दस बजे त्रिलोकपुरी निवासी प्रिंस दो साथियों के साथ दुकान पर गया था। मोमोज खाने के बाद तीनों पैसे दिए बगैर जा रहे थे। पुलिस पि्रंस के साथियों की तलाश कर रही है।
बिल देने में देरी पर हत्या
ग्रेटर नोएडा के जगत फार्म स्थित यलो चिली रेस्त्रां में बिल देने में देरी करने पर शनिवार रात एक युवक ने इंजीनियर की गोली मारकर हत्या कर दी थी। दरअसल, बिल काउंटर पर इंजीनियर एक हजार का नोट देकर खाने का बिल पे कर रहा था, लेकिन नोट फटा था।
अकाउंटेंट से इसी पर विवाद हो रहा था। उधर, दो युवक भी बिल देने के लिए पीछे खडे़ थे। उन्होंने इंजीनियर से कहा कि वह रुपये जल्दी दे दे। इसी बात पर विवेक की उनसे कहासुनी हो गई थी।
यह कहासुनी इस हद तक बढ़ गई कि युवकों ने इंजीनियर को गोली मार कर हत्या कर दी।
दिल्ली के मंदिर मार्ग थाना क्षेत्र में 18 फरवरी को जलेबी देने में हुई देरी पर नीरज कुमार ने जलेबी बनाने वाले सतेंद्र के सिर में गोली मारकर उसकी हत्या कर दी थी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को दबोच लिया था। वारदात शाम को गोल मार्केट स्थित एक नामी हलवाई की दुकान पर हुई थी। आरोपी एक निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था।